शिमला, 11 जुलाई, 2026 : हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने हिमाचल प्रदेश पुलिस में 734 कांस्टेबल पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें 491 पद पुरुष और 243 पद महिला अभ्यर्थियों के लिए हैं। आवेदन प्रक्रिया 10 जुलाई से शुरू हो चुकी है और 6 अगस्त 2026 तक चलेगी।
चयनित अभ्यर्थियों को लेवल-3 वेतनमान के तहत ₹20,200 से ₹64,000 प्रतिमाह वेतन मिलेगा। आवेदन के लिए अभ्यर्थी का 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष, जबकि एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के लिए 18 से 27 वर्ष निर्धारित की गई है। होमगार्ड अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 28 वर्ष होगी।
भर्ती प्रक्रिया में निर्धारित शारीरिक मानकों को भी पूरा करना अनिवार्य होगा। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम लंबाई सामान्य/ओबीसी वर्ग में 5 फीट 6 इंच तथा एससी/एसटी वर्ग में 5 फीट 4 इंच निर्धारित की गई है। महिला अभ्यर्थियों के लिए सामान्य/ओबीसी वर्ग में 5 फीट 2 इंच और एससी/एसटी वर्ग में 5 फीट न्यूनतम लंबाई तय की गई है।
आयोग ने अभ्यर्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने और भर्ती संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।