चंडीगढ़, 11 जुलाई, 2026 : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नशा केवल कानून-व्यवस्था की चुनौती नहीं, बल्कि समाज, परिवार और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा गंभीर विषय है। सरकार ‘हरियाणा उदय’ अभियान के तहत सामुदायिक पुलिसिंग और जनभागीदारी के माध्यम से प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगी।

पंचकूला में आयोजित “नशा मुक्त हरियाणा के लिए एनजीओ एवं केमिस्ट एसोसिएशनों से संवाद” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित हरियाणा और विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाएंगे। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को नशा विरोधी शपथ भी दिलाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि समाज में नशे की मांग को भी समाप्त करना है। उन्होंने बताया कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों की अवैध संपत्तियां जब्त की गई हैं और उनके खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई भी की गई है।
उन्होंने घोषणा की कि नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने के लिए जिला एवं स्थानीय स्तर पर टास्क फोर्स गठित की जाएगी, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं से गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने केमिस्टों से अपील की कि वे प्रतिबंधित एवं नशीली दवाइयों की बिक्री में पूरी सतर्कता बरतें। वहीं, केमिस्ट एसोसिएशनों ने ऑनलाइन प्रिस्क्रिप्शन सहित दवाइयों की पूरी सप्लाई चेन की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने का सुझाव दिया।

नायब सिंह सैनी ने अभिभावकों से बच्चों के साथ अधिक समय बिताने और उन्हें नशे से दूर रखने का आग्रह करते हुए कहा कि नशा मुक्त हरियाणा केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि समाज के सहयोग से चलने वाला जनआंदोलन है।






