सूलर में 60 लाख रुपये की लागत से ऐतिहासिक घराटों के नवीनीकरण और आधुनिक पार्क का उद्घाटन
पंजाब के इतिहास में पहली बार निर्धारित कोटे से 10 प्रतिशत अधिक नहरी पानी किसानों के खेतों तक पहुंचा
दिड़बा, 12 जुलाई, 2026 : पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बड़ी सौगात देते हुए गांव सूलर स्थित ऐतिहासिक घराटों (पारंपरिक जल चक्कियों) के नवीनीकरण तथा एक आधुनिक पार्क का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने इस परियोजना पर लगभग 60 लाख रुपये खर्च किए हैं।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सूलर के लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इन ऐतिहासिक घराटों की हालत बेहद जर्जर हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि संभवतः पूरे पंजाब में सूलर के ये घराट ही ऐसे ऐतिहासिक जल चक्की स्थल हैं, जिन्हें संरक्षित करना अत्यंत आवश्यक था।
उन्होंने बताया कि 60 लाख रुपये की लागत से न केवल घराटों और चक्कियों का जीर्णोद्धार कर उनका कायाकल्प किया गया है, बल्कि पूरे परिसर को भी आकर्षक रूप दिया गया है। बच्चों और स्थानीय लोगों के लिए एक आधुनिक एवं सुंदर पार्क विकसित किया गया है। साथ ही नहरी विभाग के कर्मचारियों के बैठने और कार्य करने के लिए नए कमरे भी बनाए गए हैं।
वित्त मंत्री ने बताया कि नहर की शाखा (सूआ) की कंक्रीट लाइनिंग की गई है, ताकि भविष्य में टूट-फूट की समस्या न आए और पानी की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी रहे। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के रखरखाव की जिम्मेदारी स्थानीय सरपंच और ग्राम पंचायत को सौंपी गई है, जो नहरी विभाग के सहयोग से इसकी देखरेख करेंगे।
नहरी पानी की उपलब्धता पर बोलते हुए हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब के इतिहास में पहली बार राज्य को आवंटित कोटे से 10 प्रतिशत अधिक नहरी पानी किसानों के खेतों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांवों से किसानों की खुशी के वीडियो सामने आ रहे हैं और नहरी पानी के अधिक उपयोग से प्रदेश के भूजल स्तर को बचाने में बड़ी मदद मिलेगी।
उन्होंने इस ऐतिहासिक पहल के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार पंजाब की धरती और जल संसाधनों को बचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस अवसर पर संगरूर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन प्रीतम सिंह पीतू, ओएसडी तपिंदर सिंह सोही, मार्केट कमेटी सूलर के चेयरमैन हरविंदर सिंह छाजली, ट्रेड विंग के हलका प्रभारी अजय बंसल, गांव के सरपंच, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।