प्रत्येक नागरिक को समय पर न्याय और सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना पंजाब सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: दलवीर सिंह ढिल्लों
धूरी, 24 जुलाई:2026: पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम के चेयरमैन श्री दलवीर सिंह ढिल्लों ने आज गांव बल्लमगढ़ में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे क्षेत्रवासियों से रू-ब-रू होकर उनकी समस्याएं, मांगें और सुझाव सुने। उन्होंने मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक जायज मांग एवं शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, जो मामले उच्च स्तर से संबंधित थे, उन्हें भी तुरंत संबंधित विभागों को भेजने के लिए कहा।
चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार जनहितैषी शासन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ‘लोक मिलनी’ जैसे कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत प्रदान करना तथा उनकी समस्याओं का समाधान उनके अपने क्षेत्र में ही सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से मिले।
उन्होंने कहा कि धूरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को युद्ध स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़कों, सीवरेज एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा किसी भी समस्या के संबंध में बिना किसी संकोच के अपने जनप्रतिनिधियों अथवा प्रशासन से संपर्क करें।






