पटियाला, 24 जुलाई:2026: पंजाब सरकार द्वारा भगवान शिव जी की महिमा को समर्पित विशाल धार्मिक कार्यक्रम 28 जुलाई को ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ आत्मा राम कुमार सभा ग्राउंड, पटियाला में आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा आम आदमी पार्टी के शहरी जिला अध्यक्ष एवं चेयरमैन, जिला योजना समिति तेजिंदर मेहता तथा ए.डी.सी. (जनरल) अनुप्रीता जौहल ने लिया। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम से संबंधित प्रबंधों की विस्तार से समीक्षा की तथा प्रत्येक विभाग को अपनी जिम्मेदारियां समय पर एवं प्रभावी ढंग से निभाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर तेजिंदर मेहता ने कहा कि पंजाब सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रफुल्लित करने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस विशाल कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की दिक्कत न आए, इसके लिए हर आवश्यक सुविधा सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, सफाई, बिजली, पीने के पानी, पार्किंग तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के पुख्ता प्रबंध करने के लिए कहा।
ए.डी.सी. अनुप्रीता जौहल ने बताया कि कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी विभागों के बीच आपसी समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, यातायात की सुचारु व्यवस्था, मेडिकल टीमों की तैनाती, सफाई तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित किया जाएगा ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।






