पटियाला 24 जुलाई,2026 (हर्षलीन सिंह): बचित्तर नगर स्थित जनहित समिति (रजिस्टर्ड) द्वारा संचालित मुफ्त सिलाई प्रशिक्षण केंद्र में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय लेखिका अमरजीत कौर साहीवाल, जनहित समिति के संस्थापक सदस्य एवं अंतरराष्ट्रीय लेखक व शिक्षाविद् अनिल कुमार भारती और समाजसेविका सोनिया पुरी ने विशेष रूप से शिरकत की।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त कर रही लड़कियों और महिलाओं से बातचीत की और उनके अनुभव जाने। केंद्र के मैनेजर सतीश जोशी ने बताया कि इस अवसर पर विद्यार्थियों को सिलाई-कढ़ाई के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने और अपने हुनर को रोजगार का साधन बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ जीवन में अच्छे संस्कार और नैतिक मूल्यों का होना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को माता-पिता और गुरुओं का सम्मान करने तथा मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को कोई न कोई हुनर जरूर सीखना चाहिए, क्योंकि कौशल जीवन में आत्मनिर्भरता का आधार बनता है।
जनहित समिति के अनुसार, इस प्रशिक्षण केंद्र से अब तक सैकड़ों लड़कियां और महिलाएं मुफ्त सिलाई शिक्षा प्राप्त कर चुकी हैं। वर्तमान में भी करीब 60 छात्राएं विभिन्न बैचों में सिलाई और कढ़ाई का प्रशिक्षण ले रही हैं। अतिथियों ने विद्यार्थियों को पूरी लगन और मेहनत के साथ प्रशिक्षण पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया।
समिति के संस्थापक सदस्य अनिल कुमार भारती ने संस्था के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जनहित समिति की स्थापना वर्ष 1987 में स्वर्गीय पंडित ओम प्रकाश कौशिश ने 11 सदस्यों के साथ की थी। उन्होंने बताया कि करीब चार दशक की सेवा यात्रा में संस्था ने समाज कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यों और परियोजनाओं पर लगभग 8.50 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में संस्था अध्यक्ष एस.के. गौतम और महासचिव विनोद कुमार शर्मा के नेतृत्व में समाज सेवा के कार्य लगातार जारी हैं। समिति ने समाज के सक्षम और संवेदनशील लोगों से अपील की है कि वे जरूरतमंद, गरीब और बेसहारा लोगों की सहायता के लिए आगे आएं और सेवा कार्यों में अपना सहयोग दें।






