हरियाणा , 31 जुलाई,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने शुक्रवार को लोक भवन में शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह की अटूट देशभक्ति और मातृभूमि के लिए दिया गया सर्वोच्च बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि अन्याय और अत्याचार के खिलाफ जिस साहस, दृढ़ संकल्प और वीरता का परिचय शहीद ऊधम सिंह ने दिया, वह भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज है।
राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्र अपने अमर शहीदों के बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें तथा देश की एकता, अखंडता और सम्मान को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य करें।






