Thursday, August 27, 2026
HomePatialaडॉ. बसंत गर्ग ने लहरा मोहब्बत थर्मल प्लांट व बडबर ग्रिड का...

डॉ. बसंत गर्ग ने लहरा मोहब्बत थर्मल प्लांट व बडबर ग्रिड का किया औचक निरीक्षण

पटियाला, 1 अगस्त,2026 (मनोज वर्मा): पी.एस.पी.सी.एल के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. बसंत गर्ग, आई.ए.एस ने आज गुरु हरगोबिंद थर्मल प्लांट, लहरा मोहब्बत तथा 66 केवी ग्रिड सब-स्टेशन, बडबर का औचक दौरा किया और कृषि एवं घरेलू उपभोक्ताओं के लिए किए गए बिजली आपूर्ति प्रबंधों का जायजा लिया। इस अवसर पर पी.एस.पी.सी.एल के डायरेक्टर  इंजी. पूर्णदीप बराड़, गुरु हरगोबिंद थर्मल प्लांट, लहरा मोहब्बत के चीफ इंजीनियर तेज बंसल तथा चीफ इंजीनियर साउथ इंजी. आर.के. मित्तल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।गुरु हरगोबिंद थर्मल प्लांट, लहरा मोहब्बत के दौरे के दौरान डॉ. बसंत गर्ग ने कोयले की उपलब्धता और भंडारण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बॉयलर तथा टर्बाइन का निरीक्षण करने के साथ-साथ कंट्रोल रूम के संचालन और प्लांट की कार्यप्रणाली के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

इसके उपरांत बिजली अधिकारियों ने डॉ. बसंत गर्ग को 66 केवी बडबर ग्रिड सब-स्टेशन के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि उक्त सब-स्टेशन को वर्ष 2009 में 12.5 एमवीए क्षमता के एक पावर ट्रांसफार्मर के साथ चालू किया गया था। यह ग्रिड 220 केवी धनौला सब-स्टेशन से आने वाली 12 किलोमीटर लंबी 66 केवी सिंगल-सर्किट लाइन के माध्यम से बिजली प्राप्त करता है, जो वर्तमान में लगभग 60 प्रतिशत लोड पर चल रही है।

बिजली की लगातार बढ़ रही मांग को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2015 में ग्रिड में 12.5 एमवीए क्षमता का एक अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया था। वर्तमान में दोनों ट्रांसफार्मर लगभग 80 प्रतिशत लोड पर चल रहे हैं। अधिकारियों ने आगे बताया कि बडबर ग्रिड से चार नॉन-एपी फीडरों के माध्यम से बडबर, भूरे, कुब्बे, भैणी महिराज तथा आसपास के क्षेत्रों को बिजली आपूर्ति की जा रही है। इसके अतिरिक्त, कृषि क्षेत्र के लिए नौ एपी फीडर भी इस ग्रिड से चलाए जा रहे हैं।

भविष्य में बढ़ती मांग को पूरा करने तथा बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता को और बेहतर बनाने के लिए ट्रांसफार्मर नंबर-1 की क्षमता 12.5 एमवीए से बढ़ाकर 20 एमवीए करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के शीघ्र पूरा होने की उम्मीद है। दौरे के उपरांत डॉ. बसंत गर्ग ने चीफ इंजीनियरों, इंजीनियरों तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रिड की क्षमता बढ़ाने से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जाए, ताकि राज्य के घरेलू और कृषि क्षेत्रों में बढ़ रही बिजली की मांग को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।

उन्होंने कहा कि पी.एस.पी.सी.एल द्वारा राज्य के बिजली वितरण ढांचे को और मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कृषि एवं घरेलू उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें अधिकारी: डॉ. बसंत गर्ग सीएमडी डॉ. बसंत गर्ग ने ग्रिड की मौजूदा स्थिति, ट्रांसफार्मरों पर लोड, बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता तथा भविष्य में क्षमता बढ़ाने संबंधी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बिजली आपूर्ति को सुचारू और विश्वसनीय बनाए रखने के लिए फील्ड अधिकारियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बिजली अधिकारियों को कृषि एवं घरेलू उपभोक्ताओं के लिए निर्बाध, विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments