फतेहाबाद, 2 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर 14 अगस्त को होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर भाजपा फतेहाबाद ने संगठनात्मक स्तर पर जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। पार्टी ने जिला, विधानसभा और सह-संयोजकों की नियुक्तियां करते हुए कार्यक्रमों को सफल बनाने की रणनीति तैयार की है।
भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट प्रवीन जोड़ा ने प्रदेश नेतृत्व से विचार-विमर्श के बाद नियुक्तियों की घोषणा की। कंवल चौधरी को जिला संयोजक बनाया गया है, जबकि राधाकृष्ण नारंग, संजय रेवड़ी, विज्ञान सागर बाघला और सुनील मेहता को जिला सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। फतेहाबाद विधानसभा में दर्शन नागपाल को संयोजक नियुक्त किया गया है। वहीं टोहाना विधानसभा की जिम्मेदारी अनिल भाटिया और रतिया विधानसभा की जिम्मेदारी इंद्र गादड़ी को सौंपी गई है। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में सह-संयोजकों की भी नियुक्ति की गई है।
जिला अध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने कहा कि 14 अगस्त को विभाजन के दौरान प्रभावित परिवारों की पीड़ा और संघर्ष को याद करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इन कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से आयोजित कर विभाजन की त्रासदी और बलिदानों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।






