फतेहाबाद, 2 अगस्त,2026 (संजीव सिंगला): फतेहाबाद भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से मास के प्रथम दिन जिले के सभी 12 मंडलों में एक साथ मासिक संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। यह मीटिंग सुबह से दोपहर तक चली इन बैठकों में मंडल पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों, बूथ अध्यक्षों तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर मंथन किया। बैठकों के दौरान सदस्यता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने, बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती सुनिश्चित करने, सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध, अनुशासित एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए प्रत्येक बूथ तक पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुँचाने का कार्य करें।
भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट प्रवीन जोड़ा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका अनुशासित संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि नियमित मंडल बैठकों के माध्यम से संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच सतत संवाद बना रहता है, जिससे प्रत्येक योजना को अंतिम कार्यकर्ता तक पहुँचाने में आसानी होती है। बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाए रखना ही भाजपा की कार्यशैली की सबसे बड़ी विशेषता है। उन्होंने सभी 12 मंडलों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सफल बैठकों के आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों में भी इसी उत्साह, समर्पण और टीम भावना के साथ कार्य किया जाए, ताकि संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सके तथा केंद्र और हरियाणा सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाया जा सके।






