टोहाना, 3 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): लघु सचिवालय में वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में एस.डी.एम आकाश शर्मा ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। शिविर के दौरान एसडीएम ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी मामलों का निपटारा त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक तरीके से किया जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
वीरवार को आयोजित शिविर में कुल पांच शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें दो मामले दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डी.एच.बी.वी.एन), दो मामले परिवार पहचान पत्र और एक मामला पुलिस विभाग से संबंधित था। एसडीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करते हुए आवेदकों को कार्रवाई की प्रगति से भी अवगत कराया जाए।
एस.डी.एम आकाश शर्मा ने कहा कि समाधान शिविर सरकार और प्रशासन की जनहितैषी पहल है, जिसका उद्देश्य लोगों की समस्याओं का एक ही स्थान पर त्वरित और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता, जवाबदेही और समय पर कार्रवाई प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों का प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो तथा उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।






