Thursday, August 27, 2026
HomeHaryanaप्रवीन जोड़ा के जन्मदिन पर कार्यकर्ताओं ने दी शुभकामनाएं

प्रवीन जोड़ा के जन्मदिन पर कार्यकर्ताओं ने दी शुभकामनाएं

भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीन जोड़ा के जन्मदिन पर जिलेभर में 21 से अधिक कार्यक्रम आयोजित, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

फतेहाबाद,3 अगस्त,2026 (संजीव सिंगला): एडवोकेट एवं भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीन जोड़ा के जन्मदिवस पर पूरे जिले में उत्साह का माहौल देखने को मिला। फतेहाबाद, टोहाना, भट्टू और रतिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में 21 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जन्मदिन समारोहों के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रवीन जोड़ा का फूलमालाओं से स्वागत किया और केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। जन्मदिवस कार्यक्रमों को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए कई स्थानों पर सामाजिक और सेवा कार्य भी आयोजित किए गए। इनमें गौसेवा, पौधारोपण, जरूरतमंदों की सहायता, जलपान वितरण और चेक वितरण जैसे कार्यक्रम शामिल रहे। कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह फतेहाबाद स्थित हरियाणा गौशाला में गौसेवा के साथ हुई। इसके बाद जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर केक सेरेमनी, सम्मान समारोह और सामाजिक गतिविधियां आयोजित की गईं। फतेहाबाद सब्जी मंडी एसोसिएशन की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित कर प्रवीन जोड़ा का सम्मान किया गया। वहीं सर्वश्री वैष्णों भजन मंडल कार्यालय में भी जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया। पपीहा पार्क में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया, जबकि सतगुरु अपना घर आश्रम में सेवा कार्य किए गए।

भूना में अनाज मंडी स्थित कैलाश बंसल के प्रतिष्ठान पर कार्यकर्ताओं ने सम्मान समारोह आयोजित कर प्रवीन जोड़ा का अभिनंदन किया। टोहाना में नंदीशाला से जुड़े कार्यक्रम में सहभागिता की गई, जबकि रतिया स्थित श्री कृष्ण गौशाला में भी सेवा गतिविधियां आयोजित हुईं। दिनभर चले कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। कई स्थानों पर ढोल-नगाड़ों और फूलमालाओं के साथ प्रवीन जोड़ा का स्वागत किया गया। समर्थकों ने केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं और उनके बेहतर स्वास्थ्य व लंबी उम्र की कामना की।

इस अवसर पर प्रवीन जोड़ा ने विभिन्न कार्यक्रमों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों द्वारा जिस आत्मीयता और उत्साह के साथ जन्मदिन मनाया गया, वह उनके लिए भावुक और यादगार क्षण है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का स्नेह और विश्वास उन्हें निरंतर जनसेवा एवं संगठन के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रमों में भाजपा जिला उपाध्यक्ष जगदीश शर्मा, रामकुमार मेहरा, शम्मी धींगड़ा, जगदीप सिंह मोंगा, राममेहर धारसूल और जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments