6 अगस्त,2026 (राजेश कुमार): मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में हुई पंजाब कैबिनेट बैठक में राज्य के विकास से जुड़े कई अहम फैसलों को मंजूरी दी गई। सरकार ने ‘पंजाब प्राइवेट डिजिटल ओपन यूनिवर्सिटी पॉलिसी-2026’ के तहत तीन नई डिजिटल यूनिवर्सिटी स्थापित करने को हरी झंडी दे दी है। इनमें होशियारपुर के बोहन में क्लाउड यूनिवर्सिटी, पटियाला के फतेहपुर में एमएस डिजिटल यूनिवर्सिटी और नंदपुर केशो में फिजिक्सवाला डिजिटल यूनिवर्सिटी शामिल हैं।
कैबिनेट ने आउटसोर्स कर्मचारियों को अनुबंध पर लेने के लिए नए बिल को मंजूरी दी है। इसके तहत तय सेवा अवधि पूरी करने वाले योग्य कर्मचारियों को सीधे कॉन्ट्रैक्ट पर शामिल किया जाएगा।
इसके अलावा निजी स्कूलों की फीस बढ़ोतरी को नियंत्रित करने के लिए बिल को मंजूरी मिली है। अब निजी स्कूल सालाना 5 प्रतिशत से ज्यादा फीस नहीं बढ़ा सकेंगे और सरकार समय-समय पर फीस बढ़ोतरी का ऑडिट कराएगी।
पर्यावरण संरक्षण के लिए पंजाब प्रोटेक्शन ऑफ ट्रीज बिल-2026 को भी मंजूरी दी गई है। इसके तहत पेड़ काटने पर सख्त कार्रवाई होगी और काटे गए एक पेड़ के बदले 10 नए पेड़ लगाने होंगे। नियमों का उल्लंघन करने पर 10 हजार से 50 हजार रुपये तक जुर्माना लगाया जाएगा।
बैठक में पशु चिकित्सा सेवाओं, नए प्रशासनिक ब्लॉक के गठन, जीएसटी संशोधन और पंचायत व्यवस्था में सुधार से जुड़े कई अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।






