Thursday, August 27, 2026
HomeHaryanaधर्म और विकास दोनों को साथ लेकर चल रही है प्रदेश सरकार:...

धर्म और विकास दोनों को साथ लेकर चल रही है प्रदेश सरकार: नायब सिंह सैनी

11 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार धर्म और विकास, दोनों को साथ लेकर चल रही है। कुरुक्षेत्र को धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर विश्व स्तर पर ले जाने के लिए योजनाएं चल रही हैं। सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित है। आज सावन के दूसरे सोमवार को बाबा का आशीर्वाद लेने का सौभाग्य मिला। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि हरियाणा में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली बनी रहे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सावन महीने के दूसरे सोमवार के पावन अवसर पर आज स्थानेश्वर महादेव मंदिर, कुरुक्षेत्र पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और बेलपत्र, धतूरा तथा फूल अर्पित कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का मंदिर समिति और श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं एवं गुलदस्तों से स्वागत किया। मंदिर को फूलों और लाइटों से भव्य रूप में सजाया गया था। चारों ओर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे। पूजा के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंदिर में आए श्रद्धालुओं से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्थानेश्वर महादेव कुरुक्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र हैं। मान्यता है कि महाभारत युद्ध के बाद पांडवों ने यहां शिवलिंग की स्थापना कर पूजा-अर्चना की थी। उन्होंने कहा कि सावन में कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन द्वारा पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे सावन के पवित्र महीने में पर्यावरण का ध्यान रखें, प्लास्टिक का उपयोग न करें और मंदिर परिसर की स्वच्छता बनाए रखें।

इस अवसर पर स्थानेश्वर महादेव मंदिर के महंत बाबा बंसीपुरी जी महाराज, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments