13 अगस्त 2026 (जगदेव सिंह जग्गी): दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर चल रहे ‘कुचू-पुचू’ ट्रेंड को अपनाते हुए लोगों से चीनी डोर के इस्तेमाल से बचने की अपील की है। पुलिस ने अपने संदेश को हल्के-फुल्के और युवाओं की भाषा वाले अंदाज में पेश किया, ताकि सुरक्षा से जुड़ा संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पतंगबाजों से कहा कि वे पतंग उड़ाने का आनंद जरूर लें, लेकिन प्रतिबंधित चीनी और प्लास्टिक डोर का इस्तेमाल न करें। पुलिस का यह नया अंदाज लोगों को काफी पसंद आ रहा है और कई यूजर इसे ‘दिल्ली पुलिस का जेन-जी मोड’ बता रहे हैं। पुलिस ने चेतावनी दी कि सिंथेटिक और प्लास्टिक डोर इंसानों के साथ-साथ पक्षियों और अन्य जानवरों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है। इसकी धार के कारण सड़कों पर सफर करने वाले लोग घायल हो सकते हैं और पक्षियों की जान भी जा सकती है।
इस बीच पुलिस की ओर से चीनी डोर के खिलाफ कार्रवाई भी जारी है। हाल ही में क्राइम ब्रांच ने छापेमारी के दौरान 1,300 से अधिक चरखियां बरामद कीं, जबकि मध्य दिल्ली पुलिस ने भी करीब 120 चरखियां जब्त की हैं। दिल्ली पुलिस की पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स की दिलचस्प प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं। कई लोगों ने पुलिस के इस अंदाज की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी विभाग अब युवाओं से जुड़ने के लिए सोशल मीडिया के नए ट्रेंड्स का प्रभावी ढंग से इस्तेमाल कर रहे हैं।
हालांकि संदेश का अंदाज मजाकिया है, लेकिन चीनी डोर को लेकर पुलिस की चेतावनी गंभीर है। पिछले समय में इस डोर के कारण लोगों के घायल होने और जान जाने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। इसलिए पुलिस ने लोगों से सुरक्षित और अनुमत डोर से ही पतंग उड़ाने की अपील की है।






