रायकोट, 13 अगस्त 2026 (जगदेव रंचनां): रायकोट के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार के तालाब में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान आम आदमी पार्टी से जुड़े बलकार सिंह, विशाल और संदीप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों पंजाब के मंत्री हरपाल सिंह चीमा के करीबी थे।
जानकारी के अनुसार, पांच लोग कार में सवार होकर नकोदर से दिड़बा जा रहे थे। रात करीब 1:15 बजे बासियां गांव के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य सुरक्षित बच गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। शवों को तालाब से बाहर निकालकर सरकारी अस्पताल भेजा गया। थाना सदर रायकोट पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।






