नांदेड़, 14 अगस्त,2026 (गुरप्रीत सिंह): शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित अस्पताल से शुक्रवार को छुट्टी मिल गई। अस्पताल में उपचार के बाद वह पंजाब लौटने के लिए एयरपोर्ट रवाना हो गए।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को नांदेड़ के गुरुद्वारा माता साहिब देवान जी मुगट में एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से सुखबीर बादल पर हमला किया था। हमले में उनके हाथ पर गंभीर चोट आई थी, जिसके बाद उन्हें यशोसाई अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने करीब डेढ़ घंटे तक सर्जरी की। चिकित्सा अधिकारियों के मुताबिक उनकी स्थिति स्थिर थी और वह खतरे से बाहर हैं।
पुलिस ने मामले में जसपाल सिंह को आरोपी बनाया है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फिलहाल हमले के पीछे की वजह और आरोपी के मकसद की जांच कर रही है।






