फतेहगढ़ साहिब, 18 अगस्त,2026 (गुरप्रीत सिंह): पंजाब सरकार द्वारा खेल संस्कृति को और प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ का आयोजन ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर करवाया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला खेल अधिकारी फतेहगढ़ साहिब हरपिंदर सिंह ने बताया कि ब्लॉक स्तर की खेल प्रतियोगिताएं 3 सितंबर से 15 सितंबर 2026 तक तथा जिला स्तर की प्रतियोगिताएं 20 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी। इनमें से चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के लिए पंजीकरण शुरू हो चुका है और खिलाड़ी अपनी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन sports.punjab.gov.in के माध्यम से करवा सकते हैं।
जिला खेल अधिकारी ने कहा कि पंजाब सरकार का यह प्रयास प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को नशे से दूर रखने, गांवों और शहरों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तथा स्वस्थ और रंगले पंजाब के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि इन खेलों में छोटे बच्चों से लेकर 70 वर्ष तक के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं, जिससे हर वर्ग को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तर पर एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी (नेशनल स्टाइल), कबड्डी (सर्कल स्टाइल), फुटबॉल, वॉलीबॉल (स्मैशिंग) और वॉलीबॉल (शूटिंग) के मुकाबले करवाए जाएंगे।
इसी तरह जिला स्तर पर एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, सॉफ्टबॉल, जूडो, गतका, किक बॉक्सिंग, हॉकी, नेटबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, पावरलिफ्टिंग, लॉन टेनिस, कुश्ती, तैराकी, बॉक्सिंग, टेबल टेनिस, वेटलिफ्टिंग, शतरंज, शूटिंग, फेंसिंग, रोलर स्केटिंग और तीरंदाजी सहित कई खेलों के मुकाबले करवाए जाएंगे। जिला स्तर पर विजेता रहने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय खेलों के लिए किया जाएगा।
हरपिंदर सिंह ने सभी विद्यार्थियों, युवाओं, खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इन खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेकर इस खेल महोत्सव का हिस्सा बनें।
उन्होंने यह भी बताया कि खेल स्थल पर पहुंचते समय प्रत्येक खिलाड़ी के लिए जन्म तिथि के प्रमाण के रूप में जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड की प्रति साथ लाना अनिवार्य होगा। खेलों से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला खेल अधिकारी कार्यालय, फतेहगढ़ साहिब में किसी भी कार्यदिवस पर संपर्क किया जा सकता है।






