पटियाला, 18 अगस्त,2026 (जगदेव रंचना): पटियाला के डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि माननीय हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुसार अबलोवाल में चल रहे सड़क निर्माण कार्य को तेजी से पूरा किया जाए, ताकि शहर में चल रहे डेयरी फार्मों को जल्द से जल्द अबलोवाल में शिफ्ट करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि अबलोवाल में डेयरी फार्मरों को स्थानांतरित करने के लिए बुनियादी सुविधाओं का विकास करना जरूरी है। इसके मद्देनजर सड़क का काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए, ताकि डेयरी फार्मरों को वहां शिफ्ट करने में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी आपसी तालमेल से काम करते हुए निर्माण कार्य की लगातार निगरानी करें और काम की गुणवत्ता के साथ-साथ इसे समय पर पूरा करना भी सुनिश्चित करें।
डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि शहर में डेयरी फार्मों को निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित करने से शहर के विभिन्न इलाकों में सफाई, यातायात और पर्यावरण से संबंधित समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और इस दिशा में अबलोवाल में डेयरी फार्मरों को स्थानांतरित करना भी एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को कहा कि माननीय कोर्ट द्वारा जारी निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए और अबलोवाल में जरूरी कार्यों को बिना किसी देरी के पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क का काम पूरा होने के बाद डेयरी फार्मरों को अबलोवाल में शिफ्ट करने की कार्रवाई में भी तेजी लाई जाए, ताकि इस मामले का जल्द समाधान किया जा सके।
गौरतलब है कि हाई कोर्ट द्वारा नगर निगम को निर्देश दिए गए हैं कि सड़क का काम पूरा होने के बाद डेयरी मालिकों को अपनी डेयरी शिफ्ट करने के लिए कहा जाए। नगर निगम ने बताया कि यह काम आने वाले कुछ सप्ताह में पूरा होने की उम्मीद है। इस अवसर पर नगर निगम की एडिशनल कमिश्नर सिमरप्रीत कौर भी मौजूद थीं। उन्होंने अबलोवाल में चल रहे कार्यों के संबंध में डिप्टी कमिश्नर को जानकारी दी और संबंधित कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए की जा रही कार्रवाई के बारे में भी अवगत करवाया।






