संगरूर, 18 अगस्त,2026 (अनिल कुमार भारती): पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमिशन के वाइस चेयरमैन श्री अनिल ठाकुर द्वारा व्यापारियों की शिकायतों और समस्याओं के समाधान को लेकर जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स में एक अहम समीक्षा बैठक की गई। इस अवसर पर श्री अनिल ठाकुर ने कहा कि मान सरकार द्वारा ट्रेडर्स कमिशन के लिए 40 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। इस राशि में से प्रत्येक जिले को लगभग 2-2 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इस विशेष फंड से प्रदेश के व्यापारिक बाजारों में लंबे समय से चली आ रही बुनियादी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस फंड के तहत बाजारों में आधुनिक शौचालयों का निर्माण एवं मरम्मत, सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत, बिजली से संबंधित समस्याओं का समाधान तथा अन्य जरूरी नागरिक सुविधाओं के विकास के कार्य करवाए जाएंगे। इससे व्यापारियों के साथ-साथ आम लोगों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब में पहली बार किसी सरकार द्वारा व्यापारियों और दुकानदारों से जुड़ी स्थानीय स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए विधानसभा हलका और जिला स्तर पर ट्रेडर्स कमिशन स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा, राज्य स्तर पर वित्त मंत्री की अगुवाई में पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमिशन का गठन किया गया है, जो व्यापारियों के साथ सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम कर रहा है।
श्री अनिल ठाकुर ने बताया कि विधानसभा हलका और जिला स्तर के ट्रेडर्स कमिशनों द्वारा पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमिशन के नेतृत्व में अब तक पूरे प्रदेश में व्यापारियों के साथ 800 से अधिक बैठकें की जा चुकी हैं। इन बैठकों के दौरान व्यापारियों और दुकानदारों की स्थानीय स्तर की समस्याओं का समाधान करने के साथ-साथ राज्य स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण फैसले करवाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इन बैठकों के दौरान व्यापारियों द्वारा बुनियादी ढांचे में सुधार को लेकर उठाई गई मांगों को ध्यान में रखते हुए ही 40 करोड़ रुपये का विशेष फंड मंजूर करवाया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार व्यापारियों की भलाई, व्यापारिक गतिविधियों को और प्रोत्साहित करने तथा बाजारों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह विशेष फंड इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम साबित होगा।
इस अवसर पर पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमिशन के सदस्य पंजाब संजीव गुप्ता, सदस्य पंजाब हरजेश गोप, जिला चेयरमैन अरुण जिंदल, लहरा हलका चेयरमैन प्रिंस गर्ग, दिड़बा हलका चेयरमैन अजय बांसल, सुनाम हलका चेयरमैन राम कुमार, संगरूर हलका चेयरमैन सुखविंदर सिंह तथा धूरी हलका चेयरमैन पुष्पिंदर शर्मा उपस्थित थे।






