पटियाला, 30 अगस्त, 2026 (दीपक दत्ता): पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए आयोजित पंजाब क्वींस टी-20 कप का पटियाला स्थित ध्रुव पांडोव क्रिकेट स्टेडियम में शानदार समापन हुआ। चार टीमों के इस टूर्नामेंट में मालवा मेल ने फाइनल में पुुआध एक्सप्रेस को 3 विकेट से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की। टूर्नामेंट में माझा ब्रिगेड और दोआबा टाइटन्स ने भी हिस्सा लिया।
फाइनल मुकाबले के बाद आम आदमी पार्टी के महासचिव एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी बलतेज सिंह पन्नू ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। मालवा मेल को चैंपियनशिप ट्रॉफी के साथ 2 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई, जबकि उपविजेता पुुआध एक्सप्रेस को ट्रॉफी और 1 लाख रुपये का पुरस्कार मिला।
फाइनल में पुुआध एक्सप्रेस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और टीम 19.2 ओवर में 88 रन पर ऑलआउट हो गई। अंकिता पाठक ने सर्वाधिक 22 रन बनाए। मालवा मेल की ओर से अलीशा मेहता ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए।
89 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मालवा मेल ने 18 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। अवनीत कौर संधू ने 34 रन, जबकि हरसिमरत कौर ने 28 रन बनाए।
समापन समारोह के दौरान व्यक्तिगत पुरस्कार भी प्रदान किए गए। कनिका आहूजा को सात मैचों में 287 रन बनाने के लिए बेस्ट बैटर चुना गया। वहीं मन्नत कश्यप ने सात मैचों में 14 विकेट लेकर बेस्ट बॉलर का खिताब हासिल किया। शानदार प्रदर्शन के लिए अलीशा मेहता को प्लेयर ऑफ द फाइनल चुना गया।
विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए बलतेज सिंह पन्नू ने कहा कि लड़कियां हर क्षेत्र में शानदार प्रगति कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार लड़कियों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए अधिक अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन को टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए भी बधाई दी।
इस अवसर पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर एवं पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े गुरकीरत सिंह मान, बरिंदर सिंह सरन और भूपिंदर सिंह जूनियर भी मौजूद रहे।






