पटियाला, 31 अगस्त,2026 (राजेश कुमार): पटियाला की अदित्या बैडमिंटन अकादमी में आज 70वें जिला स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर महल कलां के विधायक एवं विधानसभा की प्रिविलेज कमेटी के चेयरमैन कुलवंत सिंह पंडोरी तथा पंजाब ग्रैपलिंग रेसलिंग के डायरेक्टर योगराज शर्मा शैली विशेष रूप से पहुंचे।
टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह के दौरान खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर विधायक कुलवंत सिंह पंडोरी ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के गांवों में भी शहरों जैसी आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं तथा पूरे राज्य में शानदार खेल मैदान विकसित किए गए हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिल सकें।

इस अवसर पर योगराज शर्मा शैली ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ने तथा उन्हें नशों से दूर रखने के लिए बड़े स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह बैडमिंटन टूर्नामेंट 2 सितंबर तक चलेगा, जिसके दौरान लड़कों और लड़कियों के विभिन्न वर्गों में मुकाबले करवाए जाएंगे।
विधायक कुलवंत सिंह पंडोरी की सराहना करते हुए योगराज शर्मा शैली ने कहा कि पंडोरी ने स्वयं खिलाड़ियों के साथ मैदान में खेलकर बच्चों और युवाओं का उत्साह बढ़ाया है, जो खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणादायक संदेश है। उन्होंने कहा कि कुलवंत सिंह पंडोरी केवल महल कलां के विधायक ही नहीं हैं, बल्कि पंजाब के युवाओं और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने और उन्हें सहयोग देने के लिए भी हमेशा आगे रहते हैं।
शैली ने कहा कि विधायक पंडोरी खिलाड़ियों को लगातार सहयोग प्रदान करते हैं और विशेष रूप से रेसलिंग तथा पैरा खिलाड़ियों के डाइट सहित उनकी अन्य जरूरतों का भी विशेष ध्यान रखते हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक समिति सदस्य दविंदर सिंह, पंजाब वाटर सप्लाई के डायरेक्टर दविंदर बदेशा, यादविंदर सिंह, ग्रैपलिंग कमेटी पंजाब के डायरेक्टर रणजीत सिंह तथा अदित्या बैडमिंटन चैंपियंस क्लब के एम.डी. सतनाम सिंह सत्ता सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।






