राजपुरा, 31 अगस्त,2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई ‘मिशन क्लीन पंजाब’ मुहिम के तहत नगर परिषद राजपुरा द्वारा शहर में 10 दिवसीय विशेष सफाई मुहिम चलाई जा रही है। हलका विधायक नीना मित्तल ने राजपुरा में इस मुहिम का नेतृत्व करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस के दिशा-निर्देशों के तहत सफाई की यह विशेष मुहिम 8 सितंबर तक चलेगी। इस अवसर पर उनके साथ अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) नवरीत कौर सेखों भी मौजूद थीं।

नीना मित्तल ने शहरवासियों से इस सफाई मुहिम का हिस्सा बनने और शहर को साफ-सुथरा रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और कूड़ा-मुक्त बनाना केवल सरकार या नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। लोगों के सक्रिय सहयोग से ही ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के उद्देश्य को सफलतापूर्वक साकार किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इस दौरान भोगला रोड से मुक्त चौक तक नालियों और रोड बर्म की सफाई की गई। इसके अलावा गगन चौक से मुक्त चौक तक रोड डिवाइडरों की सफाई की गई तथा डिवाइडरों के सौंदर्यीकरण का कार्य भी शुरू किया गया।
कार्यकारी अधिकारी अवतार शेखड़ी ने कहा कि विधायक नीना मित्तल और अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) नवरीत कौर सेखों के नेतृत्व में नगर परिषद द्वारा यह मुहिम लगातार जारी रखी जाएगी।
इस मुहिम में लविश मित्तल, नगर परिषद अध्यक्ष रितेश बांसल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष देश राज, वरिष्ठ पार्षद कल्पना कुकरेजा, कार्यकारी अधिकारी अवतार शेखड़ी, सुपरिंटेंडेंट सैनिटेशन राजेश कुमार, सैनिटरी इंस्पेक्टर विकास चौधरी, पार्षद रमणजीत सिंह टिवाणा, राजेश कुमार बावा, नगर परिषद के सफाई कर्मचारी तथा शहर के गणमान्य लोग उपस्थित थे।






