शेरपुर/धूरी,01सितंबर,2026 (गुरप्रीत सिंह): मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा युवाओं को खेलों से जोड़ने, गांव स्तर पर खेलों के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा उपलब्ध करवाने और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए उपयुक्त वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों के तहत आज ओ.एस.डी. सुखवीर सिंह ने धूरी विधानसभा क्षेत्र के गांव कातरौं और किला हकीमां में नवनिर्मित खेल स्टेडियमों का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर ओ.एस.डी. सुखवीर सिंह ने बताया कि गांव किला हकीमां में 25.87 लाख रुपये की लागत से खेल स्टेडियम तैयार किया गया है, जबकि गांव कातरौं में 12.51 लाख रुपये की लागत से स्टेडियम का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि इन स्टेडियमों के निर्माण से क्षेत्र के युवाओं को अपने गांवों में ही खेलों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और वे विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा को निखार सकेंगे।

ओ.एस.डी. ने कहा कि पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य गांवों के युवाओं को खेलों से जोड़कर उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाना है। गांव स्तर पर आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से युवाओं को अभ्यास के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों से नई खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी कारण पंजाब सरकार द्वारा राज्य में खेल संस्कृति को और मजबूत करने तथा गांवों में आवश्यक खेल बुनियादी ढांचा विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं में खेलों के प्रति काफी उत्साह है और सरकार उन्हें आवश्यक सुविधाएं एवं अवसर उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने गांववासियों और युवाओं से अपील की कि वे इन नवनिर्मित खेल स्टेडियमों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लें।
इस अवसर पर ब्लॉक समिति चेयरमैन चरण सिंह, जिला परिषद सदस्य हरजिंदर सिंह कंझला, अमृतपाल सिंह, गगन ज्वंधा, सुखदेव सिंह, गांवों के पंचायती प्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति, खेल प्रेमी, युवा तथा बड़ी संख्या में गांववासी उपस्थित थे।






