मोहाली, 02 सितंबर, 2026 (जगदेव सिंह जग्गी): आईएस बिंद्रा स्टेडियम में चल रही शेर-ए-पंजाब टी-20 क्रिकेट लीग के रोमांचक मुकाबले में लुधियाना लायंस ने बठिंडा रॉयल्स को 3 विकेट से मात दी। लुधियाना की जीत के हीरो अर्जुन राजपूत रहे, जिन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बठिंडा रॉयल्स ने 19 ओवर में 165 रन बनाए। अर्जुन राजपूत ने गेंदबाजी में कमाल करते हुए 4 ओवर में 27 रन देकर 4 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए अर्जुन ने 45 गेंदों में 82 रन की नाबाद पारी खेली। उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत लुधियाना ने 18.4 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
वहीं, दर्शकों की संख्या बढ़ाने के लिए पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने 11 सितंबर तक सभी मैचों में मुफ्त प्रवेश की घोषणा की है। क्रिकेट प्रेमियों के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है।






