करनाल,03सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेशवासियों को बेहतर, आधुनिक और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध करवाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ मेडिकल शिक्षा की सुविधाओं को भी लगातार मजबूत कर रही है, ताकि आम लोगों को गंभीर बीमारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर उपचार मिल सके। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बुधवार को सचिवालय में स्टेट फाइनेंस कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में करनाल स्थित कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के फेज-II विस्तार को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री आरती राव भी मौजूद थीं।
फेज-II के तहत अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं और क्षमता का बड़े स्तर पर विस्तार किया जाएगा। इससे करनाल सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर और सुपर-स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। वर्तमान में कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हर वर्ष 120 एमबीबीएस विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाता है और 64 पीजी सीटें हैं। अस्पताल में लगभग 600 बेड की क्षमता है। फेज-II के तहत अस्पताल परिसर के विस्तार के लिए 404.95 करोड़ रुपये की लागत का प्रस्ताव रखा गया है। इसके तहत ट्रॉमा सेंटर, बर्न यूनिट एवं बर्न वार्ड, आईसीयू, आईसीसीयू, जनरल मेडिसिन, नेफ्रोलॉजी, न्यूरो सर्जरी और मानसिक रोग विभाग से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा हेलीपैड और अन्य आवश्यक सहयोगी एवं सहायक सुविधाओं का भी प्रावधान किया जाएगा।
प्रस्तावित विस्तार के तहत अस्पताल में लगभग 505 नए बेड जोड़े जाएंगे। इससे अस्पताल की कुल बेड क्षमता लगभग 600 से बढ़कर 1,100 बेड हो जाएगी। इससे गंभीर बीमारियों, दुर्घटनाओं और अन्य जटिल मामलों के मरीजों को बेहतर उपचार की सुविधा मिल सकेगी तथा क्षेत्र में विशेषज्ञ और सुपर-स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ेगी। अधिकारियों ने बताया कि इसी तरह मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रवेश क्षमता को 120 से बढ़ाकर 250 सीट करने का प्रस्ताव है। इससे मेडिकल शिक्षा और डॉक्टरों के प्रशिक्षण के लिए संस्थान की क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
फेज-II के तहत कुछ निर्माण कार्य पहले ही शुरू किए जा चुके हैं। हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन द्वारा 169.58 करोड़ रुपये की लागत से अतिरिक्त छात्रावास और आवासीय सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, अस्पताल परिसर के फेज-II विस्तार का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। फेज-II विस्तार के माध्यम से कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में वर्तमान जरूरतों को पूरा करने के साथ भविष्य में शैक्षणिक, क्लीनिकल और सुपर-स्पेशलिटी सेवाओं के विस्तार के लिए भी आवश्यक बुनियादी ढांचा तैयार होगा। इससे संस्थान को व्यापक तृतीयक चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने वाले प्रमुख संस्थान के रूप में और मजबूत किया जा सकेगा।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता, मेडिकल शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री सी.जी. रजनी कांथन, मेडिकल शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के निदेशक श्री धीरेन्द्र खरगटा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






