Thursday, September 3, 2026
HomePatialaगुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व की तैयारियां तेज, मंत्री सौंध...

गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व की तैयारियां तेज, मंत्री सौंध ने चार जिलों के अधिकारियों के साथ की बैठक

पटियाला, 3 सितंबर, 2026 (बलजीत सरना): श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें जन्म दिवस को समर्पित वर्षभर चलने वाले धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर पटियाला जिला प्रशासन कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पंचायत विकास एवं बिजली मंत्री सरदार तरुणप्रीत सिंह सौंध ने की। इसमें चार जिलों के उपायुक्तों के अलावा वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक के दौरान मंत्री सौंध ने कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार फरवरी 2026 से फरवरी 2027 तक श्री गुरु रविदास जी के 650वें जन्म दिवस को समर्पित विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है।

कार्यक्रमों के तहत स्कूलों और कॉलेजों में सेमिनार, गुरु रविदास जी की शिक्षाओं का प्रचार, मैराथन, डॉक्यूमेंट्री स्क्रीनिंग और ड्रोन शो सहित कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पंजाब के करीब 13,500 गांवों में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से गुरु रविदास जी के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्में दिखाई जा रही हैं।

मंत्री ने कहा कि पंजाब के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विशेष ड्रोन शो भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा चार बड़े जुलूस निकालने की योजना है, जिसमें काशी-वाराणसी से श्री खुरालगढ़ साहिब तक निकाला जाने वाला जुलूस मुख्य आकर्षण होगा।

उन्होंने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को यातायात व्यवस्था, पार्किंग, चिकित्सा सुविधाओं, सुरक्षा, साफ-सफाई और संभावित मौसम को ध्यान में रखते हुए उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। प्रकाश पर्व के संदेश को पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी से जोड़ते हुए 6.50 लाख पौधे लगाने और हर घर तक झंडे पहुंचाने जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

इन कार्यक्रमों का उद्देश्य श्री गुरु रविदास जी की महान शिक्षाओं तथा मानवता, समानता और भाईचारे के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

मंत्री सौंध ने सभी अधिकारियों और संबंधित विभागों से इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सेवा भावना, आपसी तालमेल और जिम्मेदारी के साथ काम करने का आह्वान किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments