Monday, September 7, 2026
HomePatiala‘खेडां वतन पंजाब दियां’ युवाओं के लिए सुनहरा अवसर: मेयर कुंदन गोगिया

‘खेडां वतन पंजाब दियां’ युवाओं के लिए सुनहरा अवसर: मेयर कुंदन गोगिया

पटियाला, 7 सितंबर, 2026 (जतिंदर गर्ग): पंजाब सरकार द्वारा युवाओं और बच्चों को खेलों से जोड़ने तथा राज्य की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए आयोजित की जा रही ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के चौथे सीजन की पटियाला से शानदार शुरुआत विधायक अजीतपाल सिंह कोहली ने की। इस अवसर पर पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

विधायक अजीतपाल सिंह कोहली ने पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि गांवों से लेकर शहरों तक युवाओं को खेल मैदानों से जोड़ने के लिए लगातार पहल की जा रही है।

उन्होंने कहा कि पंजाब ने देश और दुनिया को कई महान खिलाड़ी दिए हैं। युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह की कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित मंच, सुविधाएं और अवसर देने की है। ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ जैसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान कर रहे हैं।

कोहली ने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल बच्चों और युवाओं को नशे, बुरी आदतों तथा सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, मेहनत, धैर्य और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं।

मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि पटियाला का खेलों से पुराना और गौरवशाली रिश्ता है। शहर ने देश को कई नामी खिलाड़ी दिए हैं। उन्होंने कहा कि पटियाला से ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के चौथे सीजन की शुरुआत होना शहर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेलों से जुड़ी युवा पीढ़ी ही स्वस्थ और मजबूत समाज की नींव रख सकती है।

इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी नवजोत धालीवाल, एमसी हरमन संधू, जसबीर सिंह बिट्टू, जॉनी कोहली, सागर धालीवाल, देविंदर पाल सिंह मिक्की सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, समाजसेवी, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments