कुरुक्षेत्र, 8 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): मार्किट कमेटी शाहाबाद द्वारा मंगलवार को शाहाबाद हल्के के जिला कुरुक्षेत्र के गांव चढूनी जाटान में किसानों के लिए एक किसान जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड पंचकूला के मुख्य प्रशासक धर्मेंद्र सिंह (आईएएस) ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मंडी बोर्ड की ओर से सीएमईओ संजीव चौहान, अम्बाला जोन के जेडएमईओ राम मेहर जागलान तथा कुरुक्षेत्र के डीएमईओ राजीव सोलंकी द्वारा किसानों को संबोधित किया गया।

सीएमईओ संजीव चौहान द्वारा किसानों की समस्याओं को मौके पर सुना गया तथा उनका यथासंभव मौके पर ही समाधान किया गया। मार्किट कमेटी शाहाबाद की ओर से चेयरमैन करण राज सिंह तूर व वाइस चेयरमैन तरलोचन सिंह हांडा द्वारा भी अपने विचार रखे गए। मार्किट कमेटी शाहाबाद के सचिव कृष्ण कुमार मलिक द्वारा मंच संचालन करने के साथ-साथ किसानों को सरकार की संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। इस मौके पर एसडीएम शंभू राठी, कृषि विभाग, डीएफएससी व हैफेड के अधिकारी/कर्मचारी भी उपस्थित रहे।






