कुरुक्षेत्र, 9 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 10वीं एवं 12वीं में विद्यालय परिवर्तन/सीधे प्रवेश से संबंधित प्रवेश प्रक्रिया में संशोधन किया गया है। अब विद्यार्थियों के माता-पिता द्वारा नोटरी से सत्यापित शपथ-पत्र लेने बारे छूट प्रदान की गई।
उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवर्तन उपरान्त कक्षा 10वीं एवं 12वीं में सीधा दाखिला की अनुमति के लिए सभी संबंधित विद्यालयों द्वारा बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक पर लॉग-इन करते हुए छात्रों के दस्तावेज अपलोड किए जाने है। इस प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं विद्यार्थी हितैषी बनाने के उद्देश्य से बोर्ड द्वारा एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है, अब विद्यार्थियों के माता-पिता द्वारा नोटरी से सत्यापित शपथ-पत्र लेने बारे छूट प्रदान की गई। सभी संबंधित विद्यालयों को बोर्ड पोर्टल पर शपथ-पत्र अपलोड करने की आवश्यकता नहीं है। शेष सभी आवश्यक दस्तावेजों को पूर्व की भांति अपलोड करना अनिवार्य रहेगा।






