सोनीपत, 13 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने सोनीपत के रेलवे रोड स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष देश की सेवा, राष्ट्र निर्माण और भारत को मजबूत बनाने के लिए समर्पित किए हैं। इन 25 वर्षों में गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की उनकी यात्रा में अनेक ऐसे फैसले और कार्य हुए हैं, जिन्होंने देश के विकास की दिशा को नई गति दी है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का व्यापक अभियान है। हरियाणा में इस अभियान के तहत 13 प्रमुख कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं, जिन्हें गांव-गांव, गली-मोहल्ले, स्कूलों, संस्थानों और बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा।
गुजरात से शुरू हुई विकास की यात्रा बनी देश के लिए मॉडल
श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को भुज के भीषण भूकंप जैसी बड़ी प्राकृतिक त्रासदी के बाद राज्य को फिर से खड़ा करने का अवसर मिला। उस समय व्यापक जनहानि और आर्थिक नुकसान के बावजूद गुजरात ने तेजी से पुनर्निर्माण किया और आने वाले वर्षों में विकास के क्षेत्र में नई पहचान बनाई।
उन्होंने कहा कि गुजरात में मुख्यमंत्री के रूप में लगभग 12-13 वर्षों के कार्यकाल के दौरान विकास का ऐसा मॉडल सामने आया, जिसकी चर्चा देश ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर भी हुई। इन्हीं विकास कार्यों और नेतृत्व क्षमता के कारण देशभर में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति विश्वास मजबूत हुआ और वर्ष 2014 में देश की जनता ने उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में अपना आशीर्वाद दिया।
भारत का गौरव बढ़ाने में प्रधानमंत्री का महत्वपूर्ण योगदान
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को दुनिया के अनेक देशों द्वारा सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया जाना भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच केवल भारत को आगे बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत के विचार और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को दुनिया तक पहुंचाने की है। भारत का उद्देश्य विश्व में शांति, मानव कल्याण और विकास को बढ़ावा देना है। इसके लिए सबसे पहले भारत को आर्थिक, सामाजिक, तकनीकी और रणनीतिक रूप से मजबूत बनाना जरूरी है।
सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी से विकास को मिली गति
श्री ढांडा ने कहा कि किसी भी देश के विकास के लिए मजबूत बुनियादी ढांचा बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुआ। इसके बाद प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ।
उन्होंने कहा कि आज देश के अधिकांश हिस्सों में बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध है। राष्ट्रीय राजमार्गों, एक्सप्रेसवे, रेलवे और हवाई सेवाओं के विस्तार से व्यापार, रोजगार और विकास की संभावनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सहित पूरे देश में बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हुए बदलाव आम नागरिक अपनी आंखों से देख रहा है।
सुरक्षा के क्षेत्र में लिए गए निर्णायक फैसले
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने को एक बड़ा फैसला बताते हुए कहा कि इसके बाद वहां विकास और शांति का नया माहौल तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद और अलगाववाद के कारण आम नागरिकों के सामने अनेक चुनौतियां थीं। आज वहां परिस्थितियों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।
इसी तरह नक्सलवाद के खिलाफ भी योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई और देश के कई क्षेत्रों में शांति एवं सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ।
गरीब परिवारों तक पहुंचीं बुनियादी सुविधाएं
श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया गया। उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों गरीब परिवारों की महिलाओं तक रसोई गैस कनेक्शन पहुंचाने का कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से घर-घर शौचालय निर्माण का अभियान चलाया गया।
उन्होंने कहा कि पहले जिन विषयों को लोग सार्वजनिक चर्चा का हिस्सा बनाने में भी झिझकते थे, उन्हें प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाया। इसका परिणाम यह हुआ कि देशभर में बड़ी संख्या में परिवारों को सम्मानजनक जीवन जीने के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हुईं।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से विकास कार्यों का होगा उत्सव
शिक्षा मंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत उन स्थानों पर दीप जलाकर खुशी मनाई जाएगी, जहां पिछले वर्षों में विकास के महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।
उन्होंने बताया कि जहां नई सड़क, राष्ट्रीय राजमार्ग, स्कूल, कॉलेज, कम्युनिटी हेल्थ सेंटर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अस्पताल, सचिवालय या अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं, वहां नागरिक एकत्र होकर दीप जलाएंगे और विकास की इस यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करेंगे।
स्कूली विद्यार्थियों के सपनों से जुड़ेगा ‘सपनों का भारत’
श्री ढांडा ने कहा कि देश के बच्चों के सपनों और उनकी कल्पनाओं को मंच देने के लिए ‘सपनों का भारत’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत सरकारी और निजी स्कूलों में भाषण, चित्रकला, रंगोली सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
उन्होंने बताया कि इन प्रतियोगिताओं का आयोजन पहले स्कूल स्तर पर, इसके बाद जिला स्तर और फिर राज्य स्तर पर किया जाएगा। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की कल्पना में भारत कैसा होना चाहिए, इस विषय पर उनकी सोच को सामने लाना इस कार्यक्रम का महत्वपूर्ण उद्देश्य होगा।
‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
शिक्षा मंत्री ने बताया कि ‘नमो सेवा गाथा’ कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू की गई विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनधन खाते, महिलाओं एवं माताओं का स्वास्थ्य, कौशल विकास, हर घर नल से जल सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों द्वारा नागरिकों को जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करना भी होगा।
आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों और माताओं के लिए विशेष गतिविधियां
उन्होंने बताया कि ‘आंगन’ नाम से विशेष कार्यक्रम आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा। इसमें छोटे बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं और गतिविधियां करवाई जाएंगी। बच्चों की माताओं को भी इन कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा।
इसके अलावा गर्भवती महिलाओं को स्वस्थ गर्भावस्था, पोषण और बच्चों के स्वास्थ्य से संबंधित जरूरी जानकारी उपलब्ध करवाने पर भी ध्यान दिया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्वस्थ बच्चे और स्वस्थ माताएं मजबूत भारत की नींव हैं।
‘कहानी बदलाव की’ से दिखाया जाएगा 25 वर्षों का परिवर्तन
श्री महीपाल ढांडा ने बताया कि ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के दौरान देश में हुए बदलावों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए नुक्कड़ नाटक, सोशल मीडिया और अन्य रचनात्मक माध्यमों का इस्तेमाल किया जाएगा।
लोगों को बताया जाएगा कि पिछले वर्षों में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, तकनीक और जनकल्याण के क्षेत्रों में किस तरह परिवर्तन आया है।
विकसित भारत संकल्प यात्रा से 2047 के लक्ष्य का संदेश
शिक्षा मंत्री ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को हर घर और हर गांव तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य किसी एक व्यक्ति या राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प है।
उन्होंने युवाओं और समाज के सभी वर्गों से विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को लेकर सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
‘सेवा ज्योति यात्रा’ में दिखाई देगी समर्पण और निष्ठा की भावना
श्री ढांडा ने बताया कि अभियान के दौरान ‘सेवा ज्योति यात्रा’ भी निकाली जाएगी। इसका उद्देश्य समाज में सेवा, समर्पण और निष्ठा की भावना को मजबूत करना है। सेवा के क्षेत्र में काम कर रही संस्थाओं और सामाजिक संगठनों को इससे जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाज के लिए काम करने वाली संस्थाएं हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक विरासत को संजोने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। नई पीढ़ी को अपनी पुरानी संस्कृति से परिचित करवाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी सेवा का महत्वपूर्ण रूप माना जाना चाहिए।
‘सेवा मेरा योगदान’ से नागरिक बनेंगे सेवा के भागीदार
शिक्षा मंत्री ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार समाज की सेवा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कोई व्यक्ति स्वच्छता अभियान में योगदान दे सकता है तो कोई रक्तदान शिविर के माध्यम से सेवा कर सकता है।
उन्होंने कहा कि सेवा का कोई एक रूप नहीं होता। समाज के लिए सकारात्मक रूप से किया गया प्रत्येक कार्य राष्ट्र निर्माण में योगदान है।
108 मीटर घेरे की ‘रंगोली राष्ट्र’ बनेगी विशेष आकर्षण
श्री ढांडा ने बताया कि अभियान के तहत ‘रंगोली राष्ट्र’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत 108 मीटर के घेरे में भारत के नक्शे पर आधारित विशाल रंगोली तैयार की जाएगी।
इस रंगोली में भारत के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, खान-पान और विविधता को दर्शाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रंगोली में चावल, पत्तियों और अन्य प्राकृतिक सामग्री का इस्तेमाल किया जाएगा तथा प्लास्टिक और रासायनिक सामग्री के इस्तेमाल से परहेज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में कला और चित्रकला में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों तथा प्रतिभाशाली लोगों को भी जोड़ा जाएगा, ताकि उनकी रचनात्मक प्रतिभा को राष्ट्रीय भावना से जोड़ा जा सके।
राष्ट्रीय नवाचार चुनौती और जन-सेवा महाकुंभ भी होंगे आयोजित
शिक्षा मंत्री ने बताया कि अभियान के तहत राष्ट्रीय नवाचार चुनौती और जन-सेवा महाकुंभ सहित कुल 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों की प्रतिभा, सेवा भावना और रचनात्मकता को एक मंच प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इन कार्यक्रमों को केवल एक महीने तक सीमित गतिविधियों के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि इनका उद्देश्य समाज में लंबे समय तक सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना है।
हर बूथ, हर गांव और हर घर तक पहुंचेगा अभियान
श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि इन सभी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक ले जाने की योजना है। प्रत्येक कार्यकर्ता के साथ-साथ सामाजिक, धार्मिक, आध्यात्मिक, साहित्यिक और अन्य संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा। स्कूलों, कॉलेजों और विभिन्न संस्थानों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में देश में हुए बड़े बदलावों और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मूल भाव यही है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक अपने स्तर पर देश और समाज के लिए योगदान देने का संकल्प ले।






