Tuesday, September 29, 2026
HomeHaryanaखानपुर कोलियां में आयुष विभाग का स्वास्थ्य जागरूकता अभियान; विद्यार्थियों ने सीखे...

खानपुर कोलियां में आयुष विभाग का स्वास्थ्य जागरूकता अभियान; विद्यार्थियों ने सीखे योग और स्वस्थ जीवनशैली के गुण

कुरुक्षेत्र, 15 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): महानिदेशक आयुष हरियाणा के दिशा-निर्देशों और जिला आयुर्वेदिक अधिकारी कुरुक्षेत्र डॉ. मंजू शर्मा के मार्गदर्शन में पीएचसी खानपुर कोलियां और राजकीय माध्यमिक विद्यालय खानपुर कोलियां के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय स्कूल स्वास्थ्य शिविर एवं योग सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आयुर्वेद आधारित स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। शिविर के दौरान विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच की गई और उन्हें संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, पर्याप्त नींद तथा नियमित शारीरिक गतिविधियों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि छात्र जीवन में अपनाई गई अच्छी आदतें ही भविष्य में एक स्वस्थ और अनुशासित जीवन की मजबूत नींव बनाती हैं।


डॉ. रवि कुमार ने विद्यार्थियों को आयुर्वेद में वर्णित दिनचर्या के सिद्धांतों की जानकारी दी। उन्होंने सुबह समय पर उठने, मुख एवं दंत स्वच्छता, नियमित स्नान, पौष्टिक भोजन और ऋतु के अनुसार आहार-विहार चुनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सलाह दी कि किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या को नजरअंदाज न करें और समय पर चिकित्सीय परामर्श लें। योग सहायक काजल वर्मा के संचालन में आयोजित विशेष योग सत्र में विद्यार्थियों को सूक्ष्म व्यायाम, योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता, शांति और पढ़ाई की क्षमता में भी उल्लेखनीय सुधार होता है।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि विद्यालयों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों का उद्देश्य केवल बीमारियों से बचाव नहीं, बल्कि बच्चों में बचपन से ही सकारात्मक जीवनशैली विकसित करना है। आयुर्वेद और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर विद्यार्थी शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त बन सकते हैं। स्वस्थ बालक से स्वस्थ समाज की संकल्पना को साकार करने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर जरूरी हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़-चढक़र भाग लिया तथा योग और संतुलित दिनचर्या को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments