हरियाणा , 16 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): राज्य के सहकारिता, जेल, पर्यटन, विरासत और चुनाव मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि 17 सितंबर से शुरू हो रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के आगाज पर प्रदेशभर में ‘एक दीया – एक आशीर्वाद’ की भावना के साथ विशेष आयोजन किए जाएंगे। प्रमुख पर्यटन परिसरों और चुने हुए पर्यटन स्थलों के साथ-साथ सहकारिता विभाग की प्रमुख संस्थाओं, विरासत एवं ऐतिहासिक स्थलों और प्रदेश की जेलों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान को लेकर डॉ. अरविंद शर्मा ने वीडियो संदेश जारी करते हुए प्रदेशवासियों से सेवा, संकल्प और जन-भागीदारी के इस अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू हो रहा यह अभियान सेवा की भावना को घर-घर तक पहुंचाने का एक अवसर है। प्रत्येक व्यक्ति अपनी भागीदारी से सेवा के इस संकल्प को और मजबूत बनाए।
उन्होंने कहा कि ‘एक दीया–एक आशीर्वाद’ की भावना से जलाया जाने वाला प्रत्येक दीया सेवा, संकल्प, सकारात्मकता और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की मंगलकामना का प्रतीक बनेगा। इस पहल से पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों, स्थानीय नागरिकों और युवाओं, सहकारी संस्थाओं में सदस्यों व कर्मचारियों और जेल परिसरों में अधिकारियों व कर्मचारियों को जोड़ा जाएगा।
मोदी का मूल मंत्र जन-सेवा, योजनाओं से लोगों के जीवन में आया बदलाव
डॉ. अरविंद शर्मा ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूल मंत्र जन-सेवा रहा है। इसी भावना के साथ केंद्र सरकार ने ऐसी नीतियों और योजनाओं को धरातल पर उतारा है, जिनसे आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कोविड काल में वैक्सीन निर्माण को भारत की आत्मनिर्भरता की मिसाल बताते हुए लखपति दीदी जैसी योजनाओं, नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई, वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती भूमिका और विदेश नीति का भी जिक्र किया।
उन्होंने प्रदेशवासियों से सेवा संकल्प अभियान को जन-भागीदारी का अभियान बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को अपने घरों और संस्थाओं में दीया जलाकर प्रत्येक व्यक्ति इस अभियान में भागीदार बन सकता है।
‘सेवा के 25 साल–हरियाणा पर्यटन की नई उड़ान’ की दिखेगी झलक
पर्यटन विभाग द्वारा अभियान के तहत ‘सेवा के 25 साल–हरियाणा पर्यटन की नई उड़ान’ थीम पर प्रमुख पर्यटन परिसरों में फोटो और डिजिटल प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें हरियाणा के पर्यटन विकास, धार्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत, सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले, कुरुक्षेत्र-ज्योतिसर, पिंजौर, मोरनी, ढोसी पहाड़ी और फार्म व ग्रामीण पर्यटन की विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा।
डॉ. अरविंद शर्मा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए स्थलों का चयन करके जरूरी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं और कार्यक्रमों का आयोजन सम्मानजनक ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से पर्यटन, सहकारिता, जेल और विरासत विभाग अपने-अपने स्तर पर सेवा और जन-कल्याण की भावना को आगे बढ़ाएंगे।






