कुरुक्षेत्र 16 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान का आगाज वीरवार को आर्शीवाद का दीया कार्यक्रम से होगा। इस कार्यक्रम में नागरिक उत्साहपूर्वक भाग लेकर सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करेंगे। आर्शीवाद का दीया कार्यक्रम के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा कार्यों से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर चिन्हित स्थानों, प्रमुख परियोजनाओं पर तथा लाभार्थी अपने परिवारों के साथ दीप प्रज्वलित करेंगे।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा बुधवार को एनआईसी के कॉन्फ्रेंस हॉल में अधिकारियों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीसी के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वीसी के उपरांत उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रमों की तिथियां और कार्ययोजना को समय रहते अंतिम रूप दिया जाए। प्रत्येक कार्यक्रम की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। सभी संबंधित अधिकारी कार्यक्रमों की प्रगति की नियमित रूप से लेना सुनिश्चित करे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान के तहत ब्लॉक स्तर पर, नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका और महा ग्रामों में भी सेवा शिविर लगाए जाएंगे। इन सेवा शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के लाभार्थियों की विवरण संबंधी शिकायतों का निपटान, नए लाभार्थी जोड़ने जैसे कार्य मौके पर ही किए जाएंगे। इसके साथ-साथ स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में सेवा, राष्ट्र निर्माण और रचनात्मकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, रंगोली तथा अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। अभियान के तहत विद्यार्थियों और युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों की माइक्रो प्लानिंग करें। कार्यक्रमों की तिथियां इस प्रकार निर्धारित की जाए ताकि प्रत्येक कार्यक्रम में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा गतिविधियों में समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसलिए हर कार्यक्रम की ठोस योजना बनाई जाएगी और अभियान को गांव, ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर तक प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाएगा। इस मौके पर एडीसी पंकज सेतिया, एसडीएम पिहोवा डा. राहुल कनवारिया, एसडीएम अमन कुमार, एसडीएम शंभू राठी, एसडीएम राजेश कुमार सोनी, नगराधीश आशीष कुमार, डीईओ विनोद कौशिक, डीआरओ चेतना चौधरी, डीडीपीओ विकास सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।






