फरीदाबाद , 17 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने बुधवार को फरीदाबाद जिले के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर 10 और सरकारी मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूल दौलताबाद का दौरा किया। राज्यपाल ने इन स्कूलों में शिक्षा, पीने के पानी, साफ-सफाई, बिजली समेत सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने इन स्कूलों की प्राइमरी विंग की कक्षाओं में जाकर बच्चों से सीधी बातचीत की। राज्यपाल ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में अच्छे नागरिक बनने के लिए विशेष रूप से प्रेरित किया।
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने स्कूल विजिट के बाद कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है, जब माता-पिता और शिक्षक मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेल, स्वास्थ्य, अनुशासन और नैतिक मूल्यों की भी अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है, जिसमें साफ पानी, शौचालय और खेल सामग्री प्रमुख हैं। उन्होंने बताया कि इन सुविधाओं के विकास के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है और इस दिशा में विशेष बजट भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इस अवसर पर राज्यपाल ने दोनों स्कूलों में आर्थिक रूप से जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने और स्कूलों में विकास कार्यों के साथ-साथ विभिन्न सुविधाओं के लिए 10-10 लाख रुपये की राशि देने का भी ऐलान किया।
बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर आगे बढ़ाएं अभिभावक राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कार्यक्रम में अभिभावकों से आह्वान किया कि हर बच्चे में अलग-अलग तरह की प्रतिभा होती है। कोई बच्चा खेल के क्षेत्र में अच्छा कर सकता है तो कोई बच्चा पढ़ाई में अच्छा कर सकता है। माता-पिता को उनकी प्रतिभा को पहचानकर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।
शिक्षक बच्चों के मार्गदर्शक और प्रेरणा स्रोत होते हैं प्रो. घोष ने शिक्षकों की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाले ही नहीं, बल्कि बच्चों के मार्गदर्शक और प्रेरणा स्रोत भी होते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को चाहिए कि वे बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और देशभक्ति की भावना पैदा करें। राज्यपाल ने कहा कि बच्चों को सही दिशा देने के लिए अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर तालमेल होना बहुत जरूरी है। उन्होंने भरोसा जताया कि संयुक्त प्रयासों से बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाया जा सकता है और वे देश के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे। इस अवसर पर उन्होंने फरीदाबाद के एशियाई जूनियर हॉकी स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी कुणाल तेवतिया, स्कूल में आर्थिक रूप से सहयोग देने वाले एफ.आई.ए. (FIA) अध्यक्ष राज भाटिया, इंडो ऑटो टेक निदेशक सतीश जैन, एफ.आई.ए. से सी.एस.आर. (CSR) पैनल चेयरमैन प्रतिनिधि सिद्धार्थ चावला और एस्कॉर्ट्स कुबोटा को भी सम्मानित किया।
स्कूल परिसर का बारीकी से लिया जायजा राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने दोनों स्कूलों में कक्षाओं के साथ-साथ पूरे परिसर का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने पीने के पानी की व्यवस्था और शौचालयों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई की व्यवस्था को पूरी तरह से दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्कूल में खेल का मैदान न होने पर चिंता व्यक्त करते हुए बच्चों के लिए मैदान की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने मिड-डे मील के बारे में भी जानकारी लेते हुए बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल परिसर में स्टाफ सदस्यों को भी व्यवस्थाओं को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर डी.सी. आयुष सिन्हा, एस.डी.एम. डॉ. हनी बंसल, डी.ई.ओ. अंशू सिंगला और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।






