कुरुक्षेत्र 17 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): महानिदेशक आयुष हरियाणा एवं जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों और जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा के मार्गदर्शन में जनसेवा, स्वास्थ्य जागरूकता तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयुष विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान का आज दीप प्रज्वलन के साथ शुभारंभ किया गया। 17 सितंबर से 16 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस महीने भर के अभियान के तहत जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य जागरूकता, योग, स्वच्छता, आयुष चिकित्सा पद्धतियों तथा निवारक स्वास्थ्य देखभाल से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान के पहले ही दिन जिले भर में व्यापक स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन किया गया, जिसमें यूपीएचसी मोहन नगर में आयोजित स्वास्थ्य एवं योग शिविर में 56 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा 22 लाभार्थियों ने नियमित योगाभ्यास व संतुलित आहार के महत्व को समझते हुए प्राणायाम का अभ्यास किया। इसी क्रम में आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनी में नि:शुल्क आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर के साथ-साथ वृद्ध सेवा स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन हुआ। शिविर में कुल 123 मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें मुफ्त औषधियां वितरित की गईं, जिसमें आयुर्वेदिक ओपीडी के 77 और होम्योपैथिक ओपीडी के 46 मरीज शामिल रहे। इस दौरान डॉ. भावना ने स्वस्थ दिनचर्या, ऋतुचर्या एवं महिला स्वास्थ्य से संबंधित सूतिका परिचर्या की जानकारी दी, जबकि डॉ. महेंद्र ने होम्योपैथिक परामर्श प्रदान किया तथा फार्मासिस्ट सरिता सैनी व रीना ने दवा वितरण का कार्य संभाला।

राजकीय विद्यालय बणी में आयुष योग सहायक कमल किशोर द्वारा विद्यार्थियों को ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन एवं अनुलोम-विलोम का अभ्यास कराया गया। जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए शुरू की गई वृद्ध सेवा शिविरों की यह श्रृंखला अब हर सप्ताह निरंतर जारी रहेगी। शुभारंभ के अवसर पर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि यह अभियान जन स्वास्थ्य के प्रति सेवा-भाव का संकल्प है और प्रज्ज्वलित दीप की ज्योति स्वास्थ्य कर्मियों को निरंतर समर्पण व संवेदनशीलता के साथ जनसेवा की प्रेरणा देती रहेगी।






