कुरुक्षेत्र 17 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): जिला रेडक्रॉस समिति कुरुक्षेत्र द्वारा उपायुक्त एवं प्रधान, जिला रेडक्रॉस समिति विश्राम कुमार मीणा, आईएएस के दिशा-निर्देश में तथा भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम भारत सरकार के सहयोग से पंचायत भवन कुरुक्षेत्र के सभागार में सेवा संकल्प अभियान के तहत वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए भारत सरकार की राष्ट्रीय वयोश्री योजना एवं एडिप योजना के अंतर्गत निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला परिषद की चेयरपर्सन कंवलजीत कौर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
जिला परिषद की चेयरपर्सन कंवलजीत कौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में दिव्यांग जनों एवं वरिष्ठ नागरिकों सहायक उपकरण प्रदान करना सेवा, सम्मान और आत्मनिर्भरता की भावना का प्रतीक है। दिव्यांगता व्यक्ति की क्षमता की सीमा नहीं है बल्कि सहयोग देना समाज की जिम्मेदारी है। समाज का दायित्व है कि दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक स्वयं को किसी भी रूप में अलग या निर्भर महसूस न करें। उन्हें समान अवसर, सम्मानजनक वातावरण और आत्मनिर्भर जीवन के लिए आवश्यक सहयोग मिलना चाहिए। ऐसे शिविर सरकारी योजनाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। भारत सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध करवाना केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि उनके जीवन में आत्मविश्वास, गतिशीलता और स्वावलंबन को बढ़ावा देना है।

जिला रेडक्रॉस सचिव रमेश चौधरी ने बताया कि भारतीय रेड क्रॉस समिति, हरियाणा राज्य शाखा चंडीगढ़ के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी एवं महासचिव डॉ. सुनील कुमार तथा जिला रेडक्रॉस समिति के प्रधान एवं उपायुक्त कुरुक्षेत्र विश्राम कुमार मीणा के मार्गदर्शन में जून माह में आयोजित किए गए आंकलन एवं नाप-तौल शिविरों के दौरान कुल 234 पात्र लाभार्थियों का आकलन एवं आवश्यकतानुसार सहायक उपकरणों के लिए पंजीकरण किया गया था। इसी प्रक्रिया के आधार पर अब लाभार्थियों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण वितरित किए गए है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के सर्वांगीण विकास, सामाजिक समावेशन तथा सुगम एवं सम्मानजनक जीवन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। शिविर के दौरान लाभार्थियों को इन योजनाओं, पात्रता एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर जिला परिषद के लेखा अधिकारी डॉ. सत्य भूषण, जिला रेडक्रॉस समिति के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा एल्मिको के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






