कुरुक्षेत्र 17 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा के दिशा-निर्देशन और राजकीय कन्या महाविद्यालय पलवल की प्राचार्या डा. गगनदीप कौर मार्गदर्शन में जिला में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में चुनाव कार्यालय द्वारा राजकीय कन्या महाविद्यालय पलवल में स्वीप गतिविधियों के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन निर्वाचक पंजीयन अधिकारी अमन कुमार विधानसभा-13 थानेसर के कार्यालय द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान चुनाव कार्यालय के मास्टर ट्रेनर सुनील मराठा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए भरे जाने वाले विभिन्न प्रपत्रों एवं घोषणा-पत्र के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने छात्राओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने की प्रक्रिया तथा इससे संबंधित विभिन्न प्रावधानों के बारे में जागरूक किया। निर्वाचन कार्यालय से अमित कुमार ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें मतदाता पंजीकरण एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. गगनदीप कौर ने छात्राओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने तथा पात्र छात्राओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए निर्वाचक पंजीयन टीम का धन्यवाद किया। इस अवसर पर डॉ. पूनम बागी, वीरेंद्र कौर, प्रीति शर्मा, डॉ. सर्वजीत कौर एवं नेहा बंसल सहित महाविद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।