कुरुक्षेत्र, 19 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): भारत सरकार के राष्ट्रव्यापी ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के अंतर्गत देवराज अधीक्षक डाकघर, कुरुक्षेत्र के नेतृत्व में डाक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पैनोरमा, कुरुक्षेत्र तथा उसके आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत प्रातः 8 बजे से ही डाक विभाग के कर्मचारी सफाई कार्य में जुट गए। इस दौरान पैनोरमा परिसर की व्यापक सफाई की गई। इसके अतिरिक्त परिसर के अंदर स्थित पार्क तथा आसपास की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर भी स्वच्छता कार्य किया गया। कर्मचारियों ने क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संदेश देते हुए आमजन से भी स्वच्छता अपनाने का आह्वान किया।
अधीक्षक डाकघर ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। स्वच्छ वातावरण से न केवल स्वास्थ्य में सुधार होता है, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और अनुशासन की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं नागरिकों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में मनाया जा रहा है। इस वर्ष अभियान का विषय स्वच्छता में जन सहभागिता, स्वच्छ भारत, विकसित भारत रखा गया है, जिसका उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है।
इस अभियान में सहायक अधीक्षक राजेश कुमार, डाकपाल नरेश कुमार, प्रशिक्षक कुलवंत सिंह, जनसंपर्क निरीक्षक संजीव कुमार, सचिन, आशीष, भूपेश सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।






