Tuesday, September 29, 2026
HomeHaryanaएस.डी.एम. राजेश कुमार सोनी ने राजकीय विद्यालय बन का किया निरीक्षण

एस.डी.एम. राजेश कुमार सोनी ने राजकीय विद्यालय बन का किया निरीक्षण

लाडवा, 19 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): एस.डी.एम. लाडवा राजेश कुमार सोनी ने आज राजकीय विद्यालय बन का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में चल रही शैक्षणिक गतिविधियों, मिड-डे-मील व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के साथ संवाद का जायजा लिया। विद्यालय में प्राथमिक स्कूल की नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य भी चल रहा है, जिसे शीघ्र पूरा करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। कक्षा 10 के विद्यार्थियों द्वारा बताया गया कि उनका  पीरियड लाइब्रेरी का है। इस पर एसडीएम ने बच्चों से चर्चा शुरू की कि वे लाइब्रेरी में किस प्रकार की पुस्तकें पढ़ते हैं। एक विद्यार्थी द्वारा बताया गया कि उसने तारों के निर्माण से संबंधित पुस्तक पढ़ी है। इसके बाद विद्यार्थियों के साथ तारों के निर्माण, ग्रहों एवं तारों में अंतर तथा तारों में प्रकाश की उत्पत्ति कैसे होती है, जैसे वैज्ञानिक विषयों पर व्यापक एवं रोचक चर्चा की गई।
एसडीएम राजेश कुमार सोनी ने शुक्रवार को लाडवा खंड के एक सरकारी स्कूल का अचानक निरीक्षण किया। एसडीएम ने स्कूल के निरीक्षण में शैक्षणिक व्यवस्थाओं, मूलभूत सुविधाओं और मिड-डे मील की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया। इसके अलावा दोपहर के समय उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर मिड-डे मील का भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता परखी। एसडीएम ने विद्यार्थियों को जिज्ञासा के साथ पढ़ने, प्रश्न पूछने और पुस्तकों के माध्यम से अपने ज्ञान का विस्तार करने के लिए प्रेरित किया। एसडीएम राजेश कुमार सोनी ने विद्यार्थियों से उनके भविष्य एवं करियर निर्माण को लेकर संवाद किया गया। अधिकांश विद्यार्थियों ने बताया कि उन्हें कबड्डी खेलना पसंद है तथा वे बड़े होकर सेना में अधिकारी बनना चाहते हैं। वहीं कुछ छात्राओं ने डॉक्टर बनने तथा प्रशासनिक सेवाओं में जाने की इच्छा व्यक्त की। एसडीएम ने विद्यार्थियों को उनके रुचि के क्षेत्र में निरंतर मेहनत करने, अनुशासन बनाए रखने तथा खेल और शिक्षा दोनों में संतुलन बनाकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
एसडीएम राजेश सोनी ने कहा कि विद्यार्थियों के साथ समाचार-पत्र पढऩे तथा उसमें प्रकाशित घटनाओं से सीख लेने के महत्व पर भी चर्चा की गई। इस दौरान समाज में बढ़ती रोड रेज की घटनाओं तथा पालतू कुत्तों द्वारा हिंसक व्यवहार की घटनाओं का विश्लेषण किया गया। एसडीएम ने हाल की सडक़ दुर्घटना/हिंसक घटना का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को समझाया कि सडक़ पर कुछ सेकेंड का गुस्सा जीवनभर का पछतावा बन सकता है। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय दूसरे व्यक्ति की गलती, ट्रैफिक जाम अथवा जल्दबाजी की स्थिति में भी संयम बनाए रखना चाहिए। बहस, गाली-गलौज अथवा आक्रामक व्यवहार किसी समस्या का समाधान नहीं है। सडक़ पर जिम्मेदार एवं संयमित व्यवहार स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के जीवन की भी रक्षा करता है।
उन्होंने इसी प्रकार सोनीपत में पिटबुल द्वारा छोटे बच्चे पर हमला किए जाने की घटना का उल्लेख करते हुए डॉग बाइट से बचाव एवं सावधानी पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों को समझाया गया कि अनजान अथवा आक्रामक कुत्तों के पास जाने, उन्हें छेडऩे या डराने से बचना चाहिए तथा कुत्तों के व्यवहार को समझते हुए सुरक्षित दूरी बनाए रखनी चाहिए। कुत्ते के काटने की स्थिति में घाव को तुरंत साबुन और बहते पानी से अच्छी तरह धोने तथा तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेकर रेबीज से बचाव के टीकाकरण के संबंध में भी जागरूक किया गया। समाचार-पत्र केवल पढ़ने की चीज नहीं है, बल्कि समाज और हमारे अपने व्यवहार को समझने का माध्यम भी है। विद्यालयों में ऐसी समसामयिक घटनाओं पर विद्यार्थियों के साथ चर्चा करने से उनमें जागरूकता, विवेकपूर्ण निर्णय लेने की क्षमता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित होती है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बच्चों को दिए जा रहे मिड-डे-मील की व्यवस्था एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और भोजन के दौरान विद्यार्थियों से पोषण एवं स्वस्थ खान-पान को लेकर बातचीत की। उन्होंने कहा कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पौष्टिक आहार अत्यंत आवश्यक है।


शिक्षकों को शिक्षण के साथ कम्युनिकेशन स्किल पर ध्यान देने के निर्देश
एसडीएम राजेश कुमार सोनी ने विद्यालय में चल रही कक्षाओं का भी निरीक्षण किया तथा शिक्षकों द्वारा किए जा रहे शिक्षण कार्य की सराहना की। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की पढ़ाई को और बेहतर बनाने के साथ-साथ कम्युनिकेशन स्किल, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास तथा प्रभावी प्रार्थना सभा पर भी विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें सही मार्गदर्शन, अवसर और आत्मविश्वास प्रदान किया जाए।
सोलर पैनल व स्कूल की सुरक्षा से संबंधित समस्याओं पर संज्ञान
एसडीएम राजेश कुमार सोनी ने निरीक्षण के दौरान अध्यापकों द्वारा कहा कि सोलर पैनल में तकनीकी समस्या के कारण कुछ कक्षाओं में पर्याप्त रोशनी की समस्या आ रही है। इसके अतिरिक्त, स्कूल की छुट्टी के बाद गांव के कुछ शरारती तत्वों द्वारा विद्यालय परिसर में प्रवेश कर नशे का सेवन करने तथा बोतल आदि सामान छोडऩे की समस्या भी बताई गई। उन्होंने द्वारा इन समस्याओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि विद्यालय का वातावरण विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं सकारात्मक बना रहे।
प्राथमिक विद्यालय की नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य जारी
एसडीएम राजेश कुमार ने कहा कि विद्यालय परिसर में प्राथमिक स्कूल की नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य भी चल रहा है। निर्माण कार्य का जायजा लिया तथा कार्य को निर्धारित गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा करने की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए। विद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के ज्ञान, स्वास्थ्य, खेल, व्यक्तित्व एवं चरित्र निर्माण का केंद्र होना चाहिए। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सुविधाएं एवं अवसर उपलब्ध करवाए जाएं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments