Tuesday, September 29, 2026
HomeHaryanaरक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं – श्याम सिंह राणा

रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं – श्याम सिंह राणा

यमुनानगर, 21 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, मत्स्य पालन तथा पशुपालन मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता। इसलिए हमें अपने जीवन में रक्तदान अवश्य करना चाहिए।

श्री राणा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत यमुनानगर जिले के रादौर में नगर पालिका द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर को संबोधित कर रहे थे।

कृषि मंत्री ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और एक इंसान का रक्त ही दूसरे इंसान के काम आता है। जहां एक ओर रक्तदान किसी दूसरे व्यक्ति की जान बचाता है, वहीं यह हमें जात-पात और धर्म से ऊपर उठकर मानवता की सच्ची सेवा करने का अवसर भी प्रदान करता है।

श्री राणा ने कहा कि देश और प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस सेवा पखवाड़े के तहत देश और प्रदेश में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, आत्मनिर्भर भारत, पेंटिंग प्रतियोगिताएं, प्रबुद्ध सम्मेलन, स्वास्थ्य जांच, मैराथन आदि कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ये सभी कार्यक्रम हमें सेवा भावना के साथ राष्ट्र के प्रति समर्पित कार्यों की ओर प्रेरित करते हैं।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। देश और प्रदेश में विकास के नए-नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिलता है और यह मानवता की एक उत्कृष्ट मिसाल भी है। हमारे देश के युवा रक्तदान करने में हमेशा अपना योगदान देते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि थैलेसीमिया के मरीजों को लगातार रक्त की आवश्यकता होती है, क्योंकि इस बीमारी से पीड़ित मरीजों में रक्त की कमी होती है, जिसके कारण उन्हें समय-समय पर रक्त की जरूरत पड़ती है। इस बीमारी में रक्त की कमी के कारण मरीज की मृत्यु भी हो सकती है और रक्त का कोई अन्य विकल्प उपलब्ध नहीं है। स्वास्थ्य विभाग को रक्त की आवश्यकता होती है, जिसे रक्तदान शिविरों के माध्यम से ही एकत्र किया जा सकता है।

कृषि मंत्री ने कहा कि हमें देश के महापुरुषों के जीवन से जीवन जीने की प्रेरणा मिलती है। इसलिए हमारा कर्तव्य बनता है कि हम अपने महापुरुषों की जयंती पर रक्तदान शिविरों का आयोजन अवश्य करें।

उन्होंने कहा कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए सुबह की सैर स्वस्थ जीवनशैली का एक सरल और प्रभावी माध्यम है। नियमित रूप से सुबह के समय पैदल चलने से शरीर में सक्रियता बनी रहती है और दिनभर ऊर्जा एवं ताजगी का अनुभव होता है। स्वस्थ शरीर के लिए प्रतिदिन कुछ समय शारीरिक गतिविधियों के लिए निकालना बहुत जरूरी है। सुबह का शांत और स्वच्छ वातावरण मन को सुकून देता है। नियमित सैर से दिन की शुरुआत सकारात्मक सोच के साथ होती है और व्यक्ति स्वयं को अधिक तरोताजा महसूस करता है।

श्री राणा ने कहा कि इसी कड़ी में 25 सितंबर 2026 को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के भीतर देश सेवा का जज्बा भरा हुआ था। उनका उद्देश्य अंत्योदय की भावना के साथ प्रत्येक योजना का लाभ गरीब व्यक्ति तक पहुंचाना था। इसी प्रकार केंद्र और प्रदेश सरकार अंत्योदय की नीति पर चलते हुए प्रदेश को आगे बढ़ा रही हैं।

उन्होंने रक्तदान शिविर के माध्यम से भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं, सरपंचों और ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में परिवार सहित अवश्य पहुंचें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments