Tuesday, September 29, 2026
HomeHaryanaसरकारी अस्पताल में जाकर नियमित रूप से कान और सुनने की जांच...

सरकारी अस्पताल में जाकर नियमित रूप से कान और सुनने की जांच करवाएं – आरती सिंह राव

हरियाणा, 21 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की सुनने संबंधी समस्या महसूस हो तो वे तुरंत अपने नजदीकी सरकारी अस्पताल में जाकर नियमित रूप से कान और सुनने की जांच करवाएं। राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में प्रदेश सरकार द्वारा जांच और उपचार की उचित सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और स्वास्थ्य विभाग, हरियाणा द्वारा 21 से 27 सितंबर 2026 तक ‘अंतरराष्ट्रीय बधिरता सप्ताह’ मनाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों के नाम महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सलाह जारी करते हुए कहा कि इस वर्ष “बधिर लोगों के मानवाधिकारों की घोषणा” के संदेश के साथ आम जनता को सुनने की क्षमता की सुरक्षा और इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया गया है।

आरती सिंह राव ने बताया कि सुनने में परेशानी (बहरापन) किसी भी उम्र के व्यक्ति को प्रभावित कर सकती है। यदि किसी व्यक्ति को टीवी या ऑडियो की आवाज़ (वॉल्यूम) बढ़ाने की आवश्यकता महसूस होती है, बातचीत के दौरान बातें ठीक से सुनाई नहीं देतीं या बार-बार दोहराने के लिए कहना पड़ता है, अथवा कान में सायं-सायं या घंटी बजने जैसी आवाज़ें (रिंगिंग सेंसेशन) महसूस होती हैं, तो ये सुनने की क्षमता कम होने के लक्षण हो सकते हैं।

उन्होंने सुनने की क्षमता में कमी के कारणों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कान में चोट लगना, अत्यधिक मैल (वैक्स) जमा होना, रूबेला या अन्य संक्रमण, बढ़ती उम्र, अत्यधिक तेज़ शोर तथा कुछ जहरीली या नुकसानदायक दवाओं के दुष्प्रभाव बधिरता के प्रमुख कारण हो सकते हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने नागरिकों से अपने कानों की देखभाल और बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है। उन्होंने सुझाव दिया कि किसी भी कॉन्सर्ट या अत्यधिक शोर वाली जगहों पर ईयरप्लग का इस्तेमाल करें, कान के अंदर कभी भी कोई नुकीली या बाहरी वस्तु न डालें तथा तेज़ शोर से बचते हुए ऑडियो उपकरणों की आवाज़ कम रखें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments