टोहाना, 22 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): एस.डी.एम. आकाश शर्मा ने मंगलवार को अनाज मंडी टोहाना तथा रतिया रोड स्थित अतिरिक्त अनाज मंडी टोहाना का दौरा कर धान खरीद सीजन को लेकर किए गए प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने मंडी परिसर में किसानों की सुविधा के लिए उपलब्ध करवाई गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम आकाश शर्मा ने अतिरिक्त अनाज मंडी टोहाना में औचक निरीक्षण करते हुए फसल खरीद प्रबंधों, किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा मंडी परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से धान खरीद को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी ली और निर्देश दिए कि किसानों को फसल बिक्री के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि धान खरीद के दौरान मंडियों में पेयजल, शौचालय, बिजली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुचारू रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी परिसर में पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा शौचालयों की नियमित साफ-सफाई एवं उचित रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए।

एसडीएम ने कहा कि खरीद केंद्रों पर किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ मंडी परिसर में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को भी बेहतर रखा जाए। उन्होंने मंडी में बिजली व्यवस्था का भी जायजा लिया और निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया के दौरान बिजली आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रहें।
एसडीएम आकाश शर्मा ने कहा कि धान खरीद के दौरान मंडियों में आने वाले किसानों की सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद केंद्रों पर व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए और किसानों की सुविधा से संबंधित किसी भी आवश्यकता को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। इस अवसर पर मार्केट कमेटी सचिव संदीप गर्ग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।






