जाखल, 22 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ एवं पोषण माह के अंतर्गत गांव शक्करपुरा आंगनबाड़ी केंद्र में संतुलित आहार, स्थानीय एवं मौसमी खाद्य पदार्थों के सेवन तथा पोषण संबंधी जागरूकता को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विभाग की सुपरवाइजर मनीषा रानी ने किया। कार्यक्रम में गांव की गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरियों एवं बच्चों की माताओं ने भाग लिया।
सुपरवाइजर मनीषा रानी ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत महिलाओं को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे विभागीय योजनाओं की पात्रता एवं लाभ के बारे में जानकारी प्राप्त करें तथा पात्र होने पर योजनाओं का लाभ अवश्य लें। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के साथ-साथ आमजन को स्वास्थ्य, पोषण एवं महिला-बाल कल्याण के प्रति जागरूक करना है।
सुपरवाइजर मनीषा रानी ने महिलाओं को बदलते मौसम के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम के समाप्त होने और सर्दी के मौसम की शुरुआत के दौरान मौसम में बदलाव के कारण संक्रमण की संभावना बढ़ जाती है तथा महिलाओं में खून की कमी की समस्या भी देखने को मिलती है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध पौष्टिक एवं मौसमी खाद्य पदार्थों को अपने दैनिक आहार में शामिल करना स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है।
आंगनवाड़ी वर्कर परमजीत एवं सुनीता द्वारा महिलाओं को नियमित वजन करवाने तथा हीमोग्लोबिन की जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों के लिए उपलब्ध पोषण सेवाओं के बारे में भी बताया। इस दौरान टीएचआर एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई तथा महिलाओं को विभाग द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही पोषण संबंधी सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी वर्कर सुनीता एवं परमजीत सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।






