Monday, September 28, 2026
HomeHaryanaहरियाणा की बेटियों हमारी सिरमौर, बेटियों ने हमेशा प्रदेश नाम रोशन करने...

हरियाणा की बेटियों हमारी सिरमौर, बेटियों ने हमेशा प्रदेश नाम रोशन करने का किया है काम:उषा प्रियदर्शी

शाहाबाद, ,28 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी ने कहा कि हरियाणा की बेटियां हमारी सिरमौर है। हरियाणा की बेटियों ने प्रदेश के साथ-साथ देश का नाम रोशन करने का काम निरंतर किया है। आज बेटिया किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है बल्कि पुरुषों के कदम से कदम और कंधे से कंधा मिलाकर हर क्षेत्र में काम कर रही है। शिक्षा, खेल, विज्ञान, स्वास्थ्य, इंजीनियरिंग के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी हरियाणा की बेटियों ने अपना लोहा मनवाने का काम किया है।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी सोमवार को आर्य कन्या महाविद्यालय शाहाबाद मारकंडा में महिला विकास प्रकोष्ठ (डबल्यूसीडी) एवं आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित युवा संबोधन सत्र में महाविद्यालयों की छात्राओं को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थी। इससे पहले मुख्य अतिथि हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी व विशिष्ट अतिथि हरियाणा राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन सुभाष कलसाना ने दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। 
                चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विषय विकसित भारत के निर्माण में युवा महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए युवा वर्ग, विशेषकर युवा महिलाओं को उनके अधिकारों, जिम्मेदारियों, नेतृत्व क्षमता, सुरक्षा तथा समाज के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक करना होगा। ताकि देश-प्रदेश के विकास में उनका सकारात्मक योगदान लिया जा सके।
चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी ने कहा कि आजकल हमारे समाज पर पश्चिमी सभ्यता का बहुत ज्यादा प्रभाव पड़ रहा है। युवा पीढ़ी को भटकने से बचाने के लिए बेटे-बेटियों को अच्छी शिक्षा देने के साथ-साथ, अच्छे संस्कार और नैतिक मूल्यों के बारे में जानकारी देनी होगी। नशा हमारे समाज की सबसे बड़ी बुराई बनकर सामने आई है। इस बुराई को जड़ से मिटाने के लिए सबको अपने घर से ही शुरुआत करनी होगी। लिव इन रिलेशन जैसी बुराईयों के प्रति युवा पीढ़ी को जागरूक करना होगा। आजकल के युवाओं के अंदर धैर्य की बहुत बड़ी कमी है। इसलिए युवाओं को किसी भी चीज पर प्रतिक्रिया देते समय समझदारी से काम लेना होगा और जल्दबाजी में कोई भी निर्णय लेने से बचना होगा। जब हरियाणाा का युवा अपने कर्तव्यों और अधिकारों के प्रति जागरूक होगा तो वो दिन दूर नहीं जब विकसित हरियाणा के साथ विकसित भारत का सपना पूरा होगा। युवा पीढ़ी शिक्षा और आत्मनिर्भरता के साथ समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहते हुए जिम्मेदार नागरिक के रूप में आगे बढ़ें।
हरियाणा राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन सुभाष कलसाना ने कहा कि विकसित भारत-2047 का सपना तभी पूरा होगा जब हम सब मिलकर अपने गांव, शहरों, कस्बों और प्रदेश को विकसित करने में अपना अहम योगदान देंगे। इस कार्य में युवाओं की भूमिका सबसे अहम होगी। युवा ही देश का भविष्य है, इसलिए देश के इस भविष्य को अच्छे संस्कार देने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए सरकार द्वारा नई शिक्षा नीति को अमलीजामा पहनाने का काम किया गया है। पिछले 12 सालों में देश-प्रदेश में कई महत्वपूर्ण परिवर्तन हुए है। सरकार ने युवाओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का काम किया है। आज बेटियों के लिए हर 20 किलोमीटर पर एक राजकीय कॉलेज खोलने का काम किया गया है, युवाओं को बिना खर्ची-बिना पर्ची पारदर्शिता के आधार पर सरकारी नौकरियां देने का काम किया जा रहा है। भारत फिर से विश्व गुरु बने इसके लिए युवाओं की भूमिका सबसे अहम होगी। महिला विकास प्रकोष्ठ एवं आंतरिक शिकायत समिति का यह प्रयास छात्राओं के लिए एक सुरक्षित, सम्मानजनक और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

कॉलेज की डबल्यूसीडी सेल की इंचार्ज डा. प्रियंका सिंह व आईसीसी विंग की इंचार्ज डा. अंजू ने अपने-अपने विभाग से संबंधित किए गए कार्यों की विस्तार से जानकारी प्रदान की। आर्य कन्या महाविद्यालय शाहाबाद मारकंडा की प्राचार्या प्रोफेसर आरती त्रेहान ने मेहमानों का स्वागत करते हुए कॉलेज की गतिविधियों के बारे में मेहमानों को विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय परिवार को विश्वास है कि यह युवा संबोधन सत्र छात्राओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ सशक्त, सुरक्षित, सम्मानित एवं आत्मनिर्भर युवा महिलाओं के निर्माण की दिशा में सार्थक कदम सिद्ध होगा। इस कार्यक्रम के मंच का संचालन अंकिता हंस ने किया। कार्यक्रम के उपरांत कॉलेज की तरफ से सभी मेहमानों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर उप अधीक्षक राजेश आनंद, दीपक आनंद, रिंकू सिंह, मंदीप रावा, डा. पूनम सिवाच सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments