इसराना ,30 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के पंचायत, विकास एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने मंगलवार को पानीपत के इसराना स्थित आधुनिक अनाज मंडी का दौरा कर धान की खरीद के प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित खरीद एजेंसियों और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मंडी में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और किसान की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाए।
उन्होंने मंडी में खरीद के साथ-साथ समय पर उठान, साफ-सफाई, सुरक्षा और किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसान की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाए और किसानों को मंडी में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सरकार की प्राथमिकता है कि किसान अपनी फसल लेकर मंडी में आए तो उसे खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
उन्होंने कहा कि खरीद एजेंसियां निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर फसल की खरीद करें और खरीदी गई फसल का उठान भी समय पर सुनिश्चित किया जाए। मंडी में किसानों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। मंडी में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था हो, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हों और खरीद एवं उठान की प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को मंडी में किसी सुविधा के लिए परेशान न होना पड़े। प्रबंधों में किसी भी स्तर पर कमी या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारी और एजेंसी इसके लिए जिम्मेदार होंगे।
मंत्री ने मंडी में आधुनिक नमी मापने वाले मीटर से धान की नमी की जांच भी की और खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी धान की फसल को अच्छी तरह सुखाकर मंडी में लेकर आएं। उन्होंने कहा कि फसल में नमी कम होने से खरीद प्रक्रिया में तेजी आएगी और किसानों को भी इसका लाभ मिलेगा।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि सरकार किसानों की फसल की खरीद को लेकर गंभीर है। मंडियों में खरीद प्रबंधों को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों और एजेंसियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे मंडी में प्रबंधों की लगातार निगरानी रखें और किसानों की समस्याओं का तुरंत समाधान करें।
उन्होंने कहा कि किसान को अपनी मेहनत की फसल बेचने के लिए मंडी में अनावश्यक इंतजार न करना पड़े, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। खरीद के साथ उठान की व्यवस्था भी लगातार चलती रहनी चाहिए, ताकि मंडी में फसल का अनावश्यक जमाव न हो और किसानों को अपनी उपज लेकर आने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस दौरान किसान, विभिन्न खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
अंकित की स्वर्णिम उपलब्धि ने हरियाणा का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया – कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार
एशियाई खेलों में कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतकर अपने गांव नौलथा पहुंचे खिलाड़ी अंकित जागलान का गांववासियों ने ढोल-डीजे, जयकारों और फूलों की मालाओं के साथ शानदार स्वागत किया। स्वागत समारोह में पंचायत, विकास एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार मुख्य रूप से पहुंचे और उन्होंने अंकित जागलान की इस शानदार उपलब्धि पर गांववासियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि अंकित ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर अपने गांव, पानीपत और पूरे हरियाणा का नाम देश-दुनिया में रोशन किया है। यह उपलब्धि अंकित की कड़ी मेहनत, लगन, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि महिला और पुरुष खिलाड़ियों द्वारा स्वर्ण पदक जीतना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। हरियाणा की मिट्टी ने हमेशा देश को बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं और हमारे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का काम करेंगी।






