Wednesday, September 30, 2026
HomeHaryanaएस.डी.एम. आकाश शर्मा ने मॉडल संस्कृत विद्यालय इंदाछोई का किया औचक निरीक्षण

एस.डी.एम. आकाश शर्मा ने मॉडल संस्कृत विद्यालय इंदाछोई का किया औचक निरीक्षण

टोहाना, 30 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): एस.डी.एम. आकाश शर्मा ने राजकीय मॉडल संस्कृत वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंदाछोई का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से किताबें पढ़वाकर उनकी पठन क्षमता एवं शिक्षण स्तर का मूल्यांकन किया। साथ ही विद्यार्थियों से विज्ञान एवं अंग्रेजी विषयों से संबंधित सवाल-जवाब कर उनकी विषय संबंधी समझ का जायजा लिया।

एसडीएम ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए यह भी जाना कि उन्हें कक्षा में पढ़ाया गया पाठ अच्छी तरह समझ में आता है या नहीं तथा पढ़ाई के दौरान उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना तो नहीं करना पड़ता। उन्होंने शिक्षकों के पढ़ाने के तरीके, कक्षाओं के नियमित संचालन तथा निर्धारित समय पर शिक्षण कार्य होने की स्थिति की भी जानकारी ली। इस दौरान विद्यार्थियों ने किताबें पढ़कर सुनाईं और पूछे गए सवालों के जवाब दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विद्यालय के हाजिरी रजिस्टर की जांच की तथा शिक्षकों की उपस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सभी शिक्षकों को नियमित रूप से ड्यूटी पर उपस्थित रहने और निर्धारित समय-सारणी के अनुसार नियमित कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और शिक्षण कार्य सुचारू रूप से जारी रहे।

एसडीएम आकाश शर्मा ने विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए तैयार किए जा रहे मिड-डे मील का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, खाना पकाने के तरीके, स्वच्छता एवं साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही कच्चे अनाज एवं भोजन तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता भी जांची। उन्होंने भोजन तैयार करने एवं परोसने के दौरान स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था तथा शौचालयों की स्थिति का भी निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त कक्षाओं में बोर्ड, रोशनी, फर्नीचर तथा विद्यार्थियों के अनुकूल शैक्षणिक वातावरण की उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में नियमित साफ-सफाई रखने, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने तथा शौचालयों में पानी एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसडीएम ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाना आवश्यक है। इसके लिए शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, समय पर कक्षाओं का संचालन, विद्यार्थियों की सीखने संबंधी समस्याओं का समाधान तथा मिड-डे मील की गुणवत्ता एवं स्वच्छता जरूरी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments