जाखल, 01 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाए जा रहे आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत ब्लॉक जाखल के गांव दीवाना में जिला कार्यक्रम अधिकारी कविता रानी की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों को स्थानीय समुदाय से जोड़ने तथा ग्रामीण परिवारों को विभागीय योजनाओं एवं पोषण संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक ब्लॉक में तीन दिवसीय गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। ब्लॉक जाखल में 28 से 30 सितंबर तक विभिन्न जागरूकता एवं जनभागीदारी गतिविधियां आयोजित की गईं।
सेवा संकल्प अभियान सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को आगे बढ़ाने का माध्यम: देवेंद्र सिंह बबली
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना से जुड़ी रही है। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना ही सुशासन की वास्तविक सार्थकता है।

पूर्व मंत्री कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने से लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी मिलती है तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा सकता है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। आंगनवाड़ी केंद्र इन योजनाओं को जमीनी स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पौष्टिक आहार एवं संतुलित भोजन के प्रति किया जागरूक
महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी स्नेहलता ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करते हुए महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा समुचित देखभाल से संबंधित विभागीय सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने महिलाओं की गोद भराई की रस्म में शामिल होकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महिलाओं द्वारा तैयार की गई पौष्टिक थाली का अवलोकन किया तथा विभिन्न पौष्टिक खाद्य पदार्थों के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से पौष्टिक पंजीरी खिलाई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में गांव की सरपंच सोनिया बिट्टू रोज, सुपरवाइजर मनीषा रानी, कीर्ति गिल तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।






