पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर ने कहा, कर्तव्य के प्रति समर्पण और ईमानदारी ही पुलिस सेवा की पहचान
फतेहाबाद, 01 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): पुलिस विभाग में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस ने विभिन्न शाखाओं में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक सुंदर लाल, सज्जन सिंह, सतीश कुमार तथा दिलबाग; सहायक उपनिरीक्षक महावीर, दलबीर सिंह, जय सिंह, सत्यनारायण तथा प्रताप सिंह; महिला सहायक उपनिरीक्षक सारदा; मुख्य सिपाही ममता; सिपाही रामचंद्र, केवल कुमार, मनमोहन, सतबीर, वरुण, संदीप तथा महिला सिपाही रेनू; ड्राइवर (HKRN) विक्रम और एसपीओ धर्मवीर सिंह शामिल रहे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर ने कहा कि पुलिस सेवा में प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। जिम्मेदारियों का ईमानदारी और तत्परता से निर्वहन करने वाले कर्मचारियों का उत्साहवर्धन पूरे पुलिस बल में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य करने वालों की पहचान कर उन्हें सम्मान देना विभाग की कार्यसंस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आमजन से जुड़े कार्यों के दौरान विभिन्न परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं। ऐसे में कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता, व्यवहार में संवेदनशीलता और कार्य में पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने सम्मानित सभी पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी लगन के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि फतेहाबाद पुलिस का उद्देश्य प्रभावी पुलिसिंग के साथ-साथ आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपने कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारी, अनुशासन और जनसेवा की भावना को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
सम्मान प्राप्त करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निभाने की प्रतिबद्धता जताई।






