रतिया, 3 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): नशे के कारोबार और अवैध हथियारों के खिलाफ फतेहाबाद पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान में अपराध जांच शाखा (सीआईए) रतिया ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। माननीय पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को 25 किलो 940 ग्राम गांजा तथा एक अवैध टोपीदार मजल लोडेड बंदूक सहित काबू किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई गई है।
इस पूरे मामले का खुलासा डीएसपी रतिया श्री कुलवंत सिंह ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों के समक्ष किया। उन्होंने सीआईए रतिया की कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता बताते हुए कहा कि जिले में नशा तस्करी और अवैध हथियारों के नेटवर्क पर लगातार कड़ा प्रहार किया जा रहा है।
डीएसपी कुलवंत सिंह ने बताया कि सीआईए रतिया की टीम ने आरोपी अमरजीत उर्फ भगत पुत्र पाला राम निवासी गांव पालसर, जिला फतेहाबाद को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सीआईए रतिया प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप के नेतृत्व में की गई।
उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर को सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम पुराना बस अड्डा एवं संजय गांधी चौक क्षेत्र में गश्त और अपराधों की रोकथाम को लेकर मौजूद थी। इसी दौरान टीम को विश्वसनीय सूचना मिली कि एक व्यक्ति गांजा बेचने का काम करता है और रतिया से लाली रोड की ओर नशीला पदार्थ व अवैध हथियार लेकर जाने वाला है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल रणनीति तैयार कर रतिया-लाली रोड स्थित बड़ी नहर के पास कार्रवाई की और संदिग्ध व्यक्ति को काबू कर लिया। नियमानुसार तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद प्लास्टिक कट्टे से 25 किलो 940 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अतिरिक्त आरोपी के कब्जे से एक अवैध टोपीदार मजल लोडेड बंदूक भी मिली। आरोपी बंदूक के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

डीएसपी कुलवंत सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के लिए फतेहाबाद पुलिस का संदेश स्पष्ट है—नशा बेचने वालों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस अब इस मामले की कड़ियां जोड़ते हुए यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी, इसकी सप्लाई कहां की जानी थी तथा इसके पीछे और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
उन्होंने सीआईए रतिया की टीम की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सूचना तंत्र को और मजबूत किया जा रहा है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने बरामद गांजा एवं अवैध हथियार को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा नंबर 210 दिनांक 02.10.2026 के तहत थाना शहर रतिया में एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
आमजन से अपील
डीएसपी श्री कुलवंत सिंह ने आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास नशा तस्करी, अवैध हथियार, जुआ, सट्टा अथवा किसी अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि आमजन का सहयोग अपराध एवं नशे के खिलाफ लड़ाई में बेहद महत्वपूर्ण है और सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।





